लोहिया संस्थान से संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ, लोगों से साफ-सफाई और जागरूकता बढ़ाने की अपील

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश में कभी सबसे बड़ी चुनौती रहे इंसेफेलाइटिस पर लगभग 99 प्रतिशत तक नियंत्रण हासिल कर लिया गया है। वहीं डेंगू और मलेरिया के मामलों में भी उल्लेखनीय कमी आई है। उन्होंने कहा कि इन बीमारियों पर पूरी तरह नियंत्रण तभी संभव है, जब आम जनता भी सरकारी प्रयासों के साथ सक्रिय रूप से जुड़कर स्वच्छता और जागरूकता को अपनाए।
बुधवार को लखनऊ स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के एकेडमिक ब्लॉक से संचारी रोग नियंत्रण एवं जागरूकता अभियान का शुभारंभ करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार हर वर्ष तीन बार यह अभियान चलाती है, जिसमें 13 विभागों के समन्वय से व्यापक स्तर पर कार्य किया जाता है। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी इस अभियान की सफलता की कुंजी है।
घर और आसपास पानी जमा न होने दें
ब्रजेश पाठक ने लोगों से अपील की कि वे अपने घर और आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें, क्योंकि यही मच्छरों के पनपने का सबसे बड़ा कारण बनता है। उन्होंने साफ-सफाई बनाए रखने, सीलन और गंदगी से दूर रहने, भोजन से पहले साबुन से हाथ धोने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने तथा खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों और अत्यधिक कोल्ड ड्रिंक के सेवन से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नियमित व्यायाम भी स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक है।
लार्वा को पनपने से रोकना सबसे प्रभावी उपाय
डिप्टी सीएम ने कहा कि डेंगू में प्लेटलेट्स तेजी से कम होने के कारण मरीज की जान जोखिम में पड़ सकती है। इसलिए बीमारी का इंतजार करने के बजाय मच्छरों के लार्वा को नष्ट करना सबसे प्रभावी बचाव है। उन्होंने कहा कि इसी से डेंगू, मलेरिया, इंसेफेलाइटिस और चिकनगुनिया जैसी गंभीर बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने रोकथाम आधारित जन-जागरूकता अभियान को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया।
एमबीबीएस और नर्सिंग छात्रों से किया संवाद
कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम ने संस्थान के एमबीबीएस प्रथम वर्ष एवं बीएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने पढ़ाई, हॉस्टल और भोजन व्यवस्था की जानकारी लेते हुए छात्रों से उनकी समस्याएं पूछीं। विद्यार्थियों ने संस्थान की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर ब्रजेश पाठक ने छात्रों से अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया।
छात्रों के साथ भोजन करने आएंगे डिप्टी सीएम
डिप्टी सीएम ने संस्थान के निदेशक डॉ. सीएम सिंह को छात्रों के भोजन की गुणवत्ता की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाना संस्थान की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वह जल्द ही किसी दिन स्वयं छात्रों के साथ भोजन करने संस्थान आएंगे।
कार्यक्रम में रहे मौजूद
इस अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव अमित कुमार घोष, स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण, सीएमओ डॉ. एनबी सिंह, लोहिया संस्थान के निदेशक डॉ. सीएम सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
