डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में सरोजनीनगर में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का ऐतिहासिक स्वागत, रोड शो में उमड़ा जनसैलाब

लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में सरोजनीनगर में भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन का ऐतिहासिक स्वागत किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उत्तर प्रदेश के प्रथम दौरे पर पहुंचे नितिन नबीन का हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं, किसानों और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा एवं भव्य रोड शो के माध्यम से अभिनंदन किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री पंकज चौधरी भी मौजूद रहे।
पुष्पवर्षा और रोड शो से हुआ भव्य स्वागत
सरोजनीनगर में आयोजित भव्य रोड शो के दौरान पूरे मार्ग पर भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन का उत्साह देखने लायक था। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने संगठन की मजबूती और एकजुटता का संदेश दिया।
2027 में फिर खिलेगा कमल : नितिन नबीन
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि इस बार उत्तर प्रदेश के किसानों और आमजन का जो अपार स्नेह मिला है, वह इस बात का संकेत है कि वर्ष 2027 में प्रदेश में फिर कमल खिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित करते हुए 'उत्तम प्रदेश' के रूप में आगे बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश में विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए मानक स्थापित किए हैं। काशी, अयोध्या और मथुरा सहित पूरे प्रदेश में विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा संगठन के लिए नई ऊर्जा : डॉ. राजेश्वर सिंह
राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि नितिन नबीन का प्रथम उत्तर प्रदेश आगमन संगठन के लिए नई ऊर्जा, नया उत्साह और नई प्रेरणा लेकर आया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का नेतृत्व भाजपा संगठन को और अधिक मजबूत करेगा तथा जनसेवा एवं सुशासन के संकल्प को नई गति देगा।
डॉ. सिंह ने कहा कि 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ सरोजनीनगर का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन के आदर्शों पर चलते हुए जनसेवा के लिए समर्पित है। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में संगठन सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के अभियान को और अधिक व्यापक स्वरूप मिलेगा।
कार्यकर्ताओं और सरोजनीनगर परिवार का जताया आभार
डॉ. राजेश्वर सिंह ने भव्य स्वागत समारोह को सफल बनाने वाले सभी कार्यकर्ताओं, मंडल अध्यक्षों, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर के पदाधिकारियों तथा स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरोजनीनगर परिवार संगठन की मजबूती और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे भी पूरी निष्ठा से कार्य करता रहेगा।
