Search News

नशा मुक्ति अभियान: चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में योग सत्र और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम

ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में नशा मुक्ति अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक, HPV जागरूकता और योग सत्र का आयोजन। NSS स्वयंसेवकों ने दिया नशामुक्त जीवन का संदेश।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: August 5, 2026

ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन

नुक्कड़ नाटक, HPV जागरूकता एवं योगाभ्यास सत्र में एनएसएस स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी

लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में "नशा मुक्ति अभियान" के अंतर्गत जागरूकता एवं स्वास्थ्य संवर्धन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में 'नशा मुक्ति' तथा 'आनंदी माँ – एक जीवन बचाओ अभियान' के अंतर्गत एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) जागरूकता विषयों पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया।

नुक्कड़ नाटक से दिया स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों, एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, समय पर टीकाकरण तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना था। एनएसएस समन्वयक डॉ. नलिनी मिश्रा के निर्देशन तथा कार्यक्रम अधिकारियों इंजी. धीरेंद्र सिंह एवं इंजी. राशि श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में स्वयंसेवकों ने दो प्रभावशाली नुक्कड़ नाटकों का मंचन कर नशामुक्त जीवन, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया।

साप्ताहिक योगाभ्यास का तीसरा दिन संपन्न

इसी क्रम में "नशा मुक्ति अभियान" के अंतर्गत आयोजित साप्ताहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का तृतीय दिवस भी चंद्रशेखर आज़ाद व्यायामशाला स्थित योग केंद्र में संपन्न हुआ। शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. मोहम्मद शारिक के निर्देशन में आयोजित इस योग सत्र में शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की।

जिम इंस्ट्रक्टर वैभव स्वर्णकार ने प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार, विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं शिथिलीकरण का अभ्यास कराया। उन्होंने नियमित योग को स्वस्थ शरीर, मानसिक संतुलन एवं नशामुक्त जीवन का आधार बताया।

जनसंपर्क अधिकारी ने की सराहना

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शचीन्द्र शेखर ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को सामाजिक जागरूकता और जनस्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. ममता शुक्ला, डॉ. विभा सिंह, डॉ. इफ्फत अजीम सहित शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Breaking News:

Recent News: