Search News

नाज़िया इलाही खान के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पूरनपुर तहसील में प्रदर्शन, गृह मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

पीलीभीत के पूरनपुर में मुस्लिम समाज के लोगों ने नाज़िया इलाही खान के कथित आपत्तिजनक बयानों के विरोध में तहसील परिसर में प्रदर्शन कर गृह मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रशासन ने ज्ञापन संबंधित स्तर पर भेजने का आश्वासन दिया।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: July 6, 2026

पूरनपुर (पीलीभीत)। नाज़िया इलाही खान द्वारा कथित रूप से इस्लाम धर्म, हज़रत मुहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम, उम्मुल मोमिनीन हज़रत आयशा सिद्दीका रज़ियल्लाहु अन्हा तथा अन्य धार्मिक हस्तियों के संबंध में दिए गए कथित आपत्तिजनक बयानों के विरोध में शनिवार को पूरनपुर तहसील परिसर में मुस्लिम समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने गृह मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी के माध्यम से सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नाज़िया इलाही खान सोशल मीडिया, टीवी डिबेट और अन्य सार्वजनिक मंचों पर लगातार इस्लाम धर्म, मुसलमानों और धार्मिक प्रतीकों के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक एवं भड़काऊ टिप्पणियां कर रही हैं। उनका कहना है कि ऐसे कथित बयानों से करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हुई है।

ज्ञापन में मांग की गई कि संबंधित वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो कानून के अनुसार उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी प्रशासनिक एवं कानूनी कदम उठाने की भी मांग की गई।

धरना-प्रदर्शन के दौरान तहसीलदार आशीष गुप्ता और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार पाण्डेय ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में हरियाणा के पानीपत में पहले से एफआईआर दर्ज है तथा संबंधित न्यायालय में कानूनी कार्यवाही चल रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रदर्शनकारियों का ज्ञापन विधिवत प्राप्त कर संबंधित अधिकारियों को भेज दिया जाएगा।

प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्वक अपना धरना समाप्त कर दिया।

इस अवसर पर संजय खान, हाफिज़ नूर अहमद अज़हरी, हाफिज़ ज़ाकिर खान, हाफिज़ अरबाज़, हाफिज़ हसीब, मौलाना आमिर खान, मौलाना तौसीफ़ बुख़ारी, शाहिद खान लल्ला, जमीर अहमद, उस्मान शाह सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग उपस्थित रहे।

Breaking News:

Recent News: