Search News

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के सख्त निर्देश: नवंबर तक नई परियोजनाओं पर शुरू हो काम

यूपी के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने निर्माण कार्यों में देरी पर सख्ती दिखाई। 10 जुलाई तक टेंडर और नवंबर तक नई परियोजनाओं पर काम शुरू करने के निर्देश दिए। #UPTourism #JaiveerSingh #Lucknow #UPNews #TourismDevelopment
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: July 2, 2026

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के सख्त निर्देश, नवंबर तक नई परियोजनाओं पर शुरू हो काम

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की समीक्षा बैठक में कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता और तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी पर संबंधित संस्थाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री ने निर्देश दिया कि 31 मार्च 2026 तक स्वीकृत परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया 10 जुलाई तक पूरी कर तत्काल कार्य शुरू कराया जाए। वहीं नई परियोजनाओं की सभी औपचारिकताएं पूरी कर आगामी नवंबर तक निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही ठेकेदारों के लंबित भुगतान 15 दिनों के भीतर जारी करने को भी कहा।

पर्यटकों की सुविधाओं और रोजगार पर विशेष जोर

गोमती नगर स्थित पर्यटन भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में जयवीर सिंह ने अधिकारियों को ऐसी रणनीति बनाने के निर्देश दिए जिससे प्रदेश में अधिक से अधिक पर्यटक आएं और स्थानीय लोगों को रोजगार एवं आय के नए अवसर मिल सकें। उन्होंने ऐतिहासिक स्थलों पर साइनेज, क्यूआर/बारकोड और शिलालेख लगाने के निर्देश भी दिए ताकि पर्यटक उन स्थलों का इतिहास आसानी से जान सकें।

15 अगस्त तक जिला संस्कृति प्रोत्साहन परिषद हों सक्रिय

मंत्री ने सभी जनपदों में जिला संस्कृति प्रोत्साहन परिषदों को आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित कर 15 अगस्त तक पूरी तरह सक्रिय करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यटन स्थलों पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

सिर्फ योजना नहीं, धरातल पर दिखे परिणाम

जयवीर सिंह ने कहा कि केवल कार्ययोजना बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे समय पर धरातल पर उतारना भी जरूरी है। उन्होंने 'परम्परा परियोजना' के तहत पर्यटन केंद्रों को भारतीय एवं वैदिक संस्कृति की झलक के साथ आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने का सुझाव दिया।

निगरानी डैशबोर्ड का शुभारंभ

बैठक से पहले मंत्री ने संस्कृति विभाग के एकीकृत परियोजना निगरानी डैशबोर्ड का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इससे परियोजनाओं की निगरानी, पारदर्शिता, जवाबदेही, वित्तीय अनुशासन और सुशासन को बढ़ावा मिलेगा।

अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने भी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से फील्ड में जाकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच करें और समयबद्ध तरीके से सभी परियोजनाओं को पूरा कराएं।

Breaking News:

Recent News: