Search News

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने रूचि चौहान की काव्य पुस्तक 'मन के मौसम' का किया विमोचन

लखनऊ में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने रूचि चौहान के काव्य संग्रह 'मन के मौसम' का विमोचन किया। नारी मन की भावनाओं पर आधारित इस पहली कृति को बताया प्रेरणादायक।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: July 23, 2026

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने रूचि चौहान के काव्य संग्रह 'मन के मौसम' का किया विमोचन

नारी मन की कोमल भावनाओं को कविता में पिरोने के लिए लेखिका की सराहना

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बुधवार को पर्यटन भवन के सभागार में रूचि चौहान द्वारा रचित काव्य संग्रह 'मन के मौसम' का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने लेखिका को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी और कहा कि इस काव्य संग्रह में नारी मन की कोमल भावनाओं को बहुत खूबसूरत ढंग से व्यक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक नारी समाज तथा आधी आबादी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

'मन के मौसम' में नारी हृदय की सूक्ष्म भावनाओं का चित्रण

मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस काव्य संग्रह में नारी हृदय की सूक्ष्म भावनाओं, विविध अनुभूतियों तथा मिलन, वियोग, त्रासदी, शोषण के अलावा कई अनछुए पहलुओं को भी सरल शब्दों में व्यक्त किया गया है। उन्होंने लेखिका के शब्द चयन की भी सराहना करते हुए कहा कि कहीं-कहीं भावना शब्दों के साथ बहती हुई प्रतीत होती है। यह रूचि चौहान का पहला काव्य संग्रह है। मंत्री ने आशा व्यक्त की कि उनका रचना संसार आगे और विस्तृत होगा तथा वह समाज में नारी से जुड़ी विभिन्न विडम्बनाओं और संघर्ष को भी अपने शब्दों के माध्यम से उकेरेंगी।

पूर्व मंत्री स्वाति सिंह और कवि पंकज प्रसून ने भी की सराहना

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री स्वाति सिंह ने कहा कि ईश्वर ने नारी को सृजन की शक्ति दी है और नारी के बिना यह संसार अधूरा है — कभी मां, कभी बहन, कभी पत्नी के रूप में उसका रोल समाज को गतिमान बनाता है।

विख्यात कवि पंकज प्रसून ने भी लेखिका रूचि चौहान का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस काव्य संग्रह में प्रेम, विरह और संघर्ष के साथ कोमल भावनाओं को बड़े मार्मिक ढंग से व्यक्त किया गया है। उन्होंने लेखिका को बधाई एवं हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का सफल संचालन लेखिका के पति डी.एस. चौहान ने किया।

कार्यक्रम में रहे कई गणमान्य लोग मौजूद

इस अवसर पर निम्नलिखित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे:

  • उ.प्र. पर्यटन विकास निगम के एमडी आशीष कुमार
  • वरिष्ठ नेता अशोक सिंह
  • डॉ. संग्राम सिंह
  • नाबार्ड परिवार के सदस्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में अन्य गणमान्य लोग

Breaking News:

Recent News: