लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। पांचवें बड़े मंगल के अवसर पर इंदिरा नगर स्थित रुद्र विहार कॉलोनी में नीरज श्रीवास्तव एवं राजश्री श्रीवास्तव की ओर से भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। आयोजकों ने बताया कि भंडारे का शुभारंभ प्रातःकाल विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं हनुमान जी के स्मरण के साथ किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण शुरू हुआ। भंडारे में कढ़ी-चावल एवं बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया, जिसे ग्रहण करने के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर सेवा कार्यों में सहयोग किया। श्रद्धालुओं ने इसे सामाजिक समरसता और धार्मिक आस्था का सुंदर उदाहरण बताते हुए आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। भंडारे में आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और भगवान से सुख-समृद्धि की कामना की। इस मौके पर नीरज, राजश्री श्रीवास्तव व मनीष पंडित समेत अन्य मौजूद रहे।

