पारा में अवैध डेयरियों के खिलाफ नगर निगम की सख्त कार्रवाई

नगर निगम टीम पर हमले के बाद मौके पर पहुंचीं महापौर, अवैध डेरी संचालकों पर हुई कार्रवाई
लखनऊ। पारा क्षेत्र में अवैध डेयरियों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को प्रभावी कार्रवाई की। गत दिनों अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची नगर निगम एवं पुलिस की टीम पर स्थानीय अराजक तत्वों द्वारा हमला किया गया था, जिसमें नगर निगम और पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी घायल हुए थे।
महापौर ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
घटना को गंभीरता से लेते हुए महापौर सुषमा खर्कवाल मंगलवार को स्वयं मौके पर पहुंचीं। उन्होंने नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और अवैध डेरी संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराई।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा, जोन-6 के जोनल अधिकारी अमरजीत यादव तथा प्रवर्तन टास्क फोर्स (ETF) के साथ भारी पुलिस बल मौजूद रहा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया।
टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ भी होगी सख्ती
महापौर ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, नगर निगम एवं पुलिस टीम पर हमला करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में अवैध डेयरियों के संचालन पर रोक लगाने और जनसुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए नगर निगम का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
