पारा क्षेत्र में नगर निगम का विशेष अभियान, 46 भैंसों को पकड़कर कान्हा उपवन गौशाला भेजा गया
पिंक सिटी, गदियाना, बुद्धेश्वर, विहार कॉलोनी और काकोरी मोड़ क्षेत्र में हुई कार्रवाई
लखनऊ। नगर निगम का शहर में निराश्रित पशुओं एवं अवैध रूप से संचालित दूध डेयरियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के निर्देशों के अनुपालन में गुरुवार को थाना पारा क्षेत्र में पुलिस बल, प्रवर्तन दल एवं कैटिल कैचिंग दस्ते के संयुक्त सहयोग से अवैध दूध डेयरियों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया गया।
46 भैंसों को पकड़कर कान्हा उपवन गौशाला भेजा
अभियान के दौरान टीम ने 45 भैंस और 1 भैंसा, कुल 46 पशुओं को पकड़कर कान्हा उपवन गौशाला में निरुद्ध कराया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से संचालित डेयरियों की भी जांच की गई तथा पशुओं को खुले में रखने और सार्वजनिक स्थानों पर उत्पन्न होने वाली समस्याओं को लेकर कार्रवाई की गई।
इन क्षेत्रों में चला विशेष अभियान
नगर निगम की टीम द्वारा यह कार्रवाई निम्न क्षेत्रों में की गई:
- पिंक सिटी
- गदियाना
- बुद्धेश्वर
- विहार कॉलोनी
- काकोरी मोड़
पुलिस बल की मौजूदगी में प्रवर्तन दल और कैटिल कैचिंग दस्ते ने संयुक्त रूप से अभियान को अंजाम दिया।
निराश्रित पशुओं और अवैध डेयरियों पर लगातार होगी कार्रवाई
पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने कहा कि शहर में अवैध रूप से संचालित डेयरियों तथा पशुओं को खुले में छोड़ने वालों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने अवैध डेयरी संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
