एक पेड़ माँ के नाम' अभियान में पीलीभीत पुलिस की सराहनीय पहल, एसपी सुकीर्ति माधव ने किया महावृक्षारोपण
पीलीभीत। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 'वृक्षारोपण महाअभियान-2026' के अंतर्गत 'एक पेड़ माँ के नाम' थीम पर चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान में पीलीभीत पुलिस ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित इस महाअभियान के तहत प्रदेशभर में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि, जलवायु संतुलन, भू-जल संरक्षण और जनसहभागिता को बढ़ावा देना है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुकीर्ति माधव ने पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने छायादार, फलदार और पर्यावरण के लिए उपयोगी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।
एसपी सुकीर्ति माधव ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की मजबूत आधारशिला भी हैं। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों और नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं, ताकि हर पौधा एक मजबूत वृक्ष बन सके।
महाअभियान के तहत जनपद के सभी पुलिस सर्किलों, थाना एवं चौकी परिसरों, पुलिस कार्यालयों, विभिन्न शाखाओं, पुलिस लाइन तथा पुलिस आवासीय परिसरों में भी व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया गया। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।
'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के माध्यम से मातृ सम्मान के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दिया गया। इस पहल से पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि, भू-जल संरक्षण तथा स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान सुनिश्चित किया जा रहा है।
पीलीभीत पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस जनअभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाएं तथा प्रत्येक पौधे के संरक्षण का संकल्प लें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यावरण मिल सके।
