पीलीभीत में आम महोत्सव-2026 का आयोजन, भाजपा व संघ परिवार के पदाधिकारियों ने दिया सामाजिक समरसता का संदेश
पीलीभीत। नगर पालिका परिषद पीलीभीत की अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल द्वारा आयोजित आम महोत्सव-2026 में भाजपा एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शहर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम आत्मीय मिलन, सामाजिक समरसता और सकारात्मक संवाद का केंद्र बना।
शहर के ओम लॉन में आयोजित इस महोत्सव में अतिथियों ने विभिन्न प्रजातियों के आमों का स्वाद लिया और आपसी संवाद के माध्यम से सामाजिक, संगठनात्मक एवं जनहित से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया।
आयोजन का उद्देश्य केवल आम की विभिन्न किस्मों से लोगों का परिचय कराना नहीं था, बल्कि पारिवारिक वातावरण में समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर आपसी सौहार्द, सहयोग और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करना भी था।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता और आपसी संवाद को बढ़ावा देने वाला एक सार्थक प्रयास बताया। आम महोत्सव-2026 का सेल्फी प्वाइंट भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने तस्वीरें खिंचवाईं।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक दुष्यंत कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, नगर मंडल अध्यक्ष इंद्रेश सिंह चौहान सहित भाजपा एवं संघ परिवार के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा शहर के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
