पीलीभीत। जिले में स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण का भव्य शुभारंभ जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्रा एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का कुमकुम का तिलक लगाकर, फूलों की माला पहनाकर तथा स्कूल बैग, शिक्षा किट और टोपी भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
इसके बाद गांधी स्टेडियम से स्कूल चलो अभियान की जागरूकता रैली को जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का नेतृत्व स्वयं डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने किया। उनके साथ मुख्य विकास अधिकारी और बीएसए भी कदम से कदम मिलाकर चलते हुए शिक्षा के प्रति जनजागरूकता का संदेश देते रहे।
रैली को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि जिले में 100 प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना प्रशासन और शिक्षा विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कोई भी मोहल्ला, गांव या बस्ती ऐसी न रहे, जहां का कोई बच्चा बुनियादी शिक्षा से वंचित रह जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित समाज की नींव होता है, इसलिए सभी अभिभावकों को अपने बच्चों का स्कूल में प्रवेश अवश्य कराना चाहिए।
रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने वाले नारे लगाए। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ कहा—
- "मुख्यमंत्री जी का यही है कहना, पढ़ लो भैया, पढ़ लो बहना।"
- "स्कूल पढ़ने जाएंगे, पापा-मम्मी का मान बढ़ाएंगे।"
- "हम सबने ठाना है, हर बच्चे को निपुण बनाना है।"
कार्यक्रम में जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक राकेश पटेल, मनीष श्रीवास्तव, सचिन कुमार चौधरी, जितेंद्र कुमार चौधरी, जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार, एसआरजी वैभव जैसवार, अमित पाठक, प्रशांत त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालयों से जोड़ने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया।
