कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने बीएसए के संग मनाया अनोखे अंदाज में स्वतंत्रता दिवस
पीलीभीत: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रौशनी सिंह ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं के साथ एक अनोखे अंदाज में पर्व मनाया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने बीएसए रौशनी सिंह के हाथों में मेहंदी लगाकर उनका नाम लिखा और तिरंगे के रंगों से सजाकर उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। छात्राओं का यह स्नेह और सम्मान देखकर बीएसए भी भावुक हो गईं।
शिक्षा को बताया तरक्की की कुंजी
इस मौके पर बीएसए रौशनी सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही देश की तरक्की की कुंजी है। उन्होंने बच्चियों से पढ़ाई के साथ-साथ अनुशासन, देशभक्ति और स्वच्छता को अपनाने की अपील की। बीएसए रौशनी सिंह ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और हमें उन पर गर्व है।
देशभक्ति गीतों और नारों से गूंजा परिसर
कार्यक्रम में छात्राओं ने देशभक्ति गीत और नारे भी प्रस्तुत किए। विद्यालय परिसर "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम" के नारों से गूंज उठा। विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि इस तरह के आयोजन से बच्चों में राष्ट्रीय भावना और आत्मविश्वास बढ़ता है।
छात्राओं में दिखा उत्साह
छात्राओं ने कहा कि बीएसए मेम के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाकर उन्हें बहुत खुशी हुई। कार्यक्रम में विद्यालय का स्टाफ और अभिभावक भी उपस्थित रहे।
