Search News

पूरनपुर में साइबर ठगों ने युवक के खाते से उड़ाए 78 हजार रुपये

पूरनपुर के अहमदनगर निवासी साकिर हुसैन के खाते से साइबर ठगों ने फर्जी ऐप के जरिए 78 हजार रुपये उड़ाए। पीड़ित ने कोतवाली में दर्ज कराई शिकायत। पढ़ें पूरी खबर।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: August 18, 2026

साइबर ठगों ने युवक के खाते से गायब किए 78 हजार, पीड़ित ने कोतवाली में की शिकायत

पूरनपुर: साइबर ठगों ने एक बार फिर लोगों के खाते खाली करने का सिलसिला जारी रखा है। क्षेत्र के मोहल्ला अहमदनगर निवासी साकिर हुसैन के बैंक खाते से ठगों ने 78 हजार रुपये उड़ा लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की है।

कैसे हुई ठगी

साकिर हुसैन के अनुसार उनके मोबाइल पर अचानक "वीवो मोबाइल कंपनी" के नाम से एक ऐप अपने आप डाउनलोड होने लगा। ऐप पूरा डाउनलोड भी नहीं हुआ कि मोबाइल हैंग हो गया। इसके कुछ ही देर बाद उनके यूपीआई से पहले 1-1 रुपये के दो ट्रांजैक्शन हुए और फिर तीसरी बार में 78 हजार रुपये कट गए।

बैंक पहुंचा पीड़ित, नहीं मिली मदद

खाते से रकम निकलने का मैसेज आते ही साकिर के होश उड़ गए। वह तुरंत यूनियन बैंक की पूरनपुर शाखा पहुंचे और जानकारी दी, लेकिन शाखा प्रबंधक ने किसी भी प्रकार की कार्रवाई करने से इनकार कर दिया।

कोतवाली में दर्ज हुई शिकायत, जांच शुरू

इसके बाद पीड़ित कोतवाली पहुंचा और पुलिस एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की अपील: रहें सतर्क

कस्बा चौकी इंचार्ज जय प्रकाश भारती ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या ऐप को डाउनलोड न करें और ओटीपी, यूपीआई पिन किसी से भी साझा न करें। साइबर ठगी की शिकायत तुरंत 1930 हेल्पलाइन या साइबर पोर्टल पर दर्ज कराएं।

Breaking News:

Recent News: