पूरनपुर: दरोगा सागर कुमार पर अवैध वसूली और अभद्र व्यवहार के आरोप, अधिवक्ताओं ने जांच की मांग
पूरनपुर (पीलीभीत)। कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरपुर कला स्थित अस्थायी पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा सागर कुमार के कथित व्यवहार और अवैध वसूली के आरोपों को लेकर अधिवक्ताओं ने प्रभारी निरीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
अधिवक्ताओं का आरोप है कि दरोगा सागर कुमार रात के समय घरों में पहुंचकर महिलाओं और युवाओं के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं तथा गाली-गलौज कर क्षेत्र में भय का माहौल बना रहे हैं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक पैरोल पर छूटे व्यक्ति के माध्यम से कथित रूप से अवैध वसूली कराई जाती है।
अधिवक्ताओं ने अपने शिकायती पत्र में स्पष्ट किया कि उनका किसी व्यक्ति विशेष से कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं है। उनका उद्देश्य केवल निष्पक्ष, पारदर्शी और संवेदनशील पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करना है, ताकि आम जनता का पुलिस प्रशासन पर विश्वास बना रहे।
उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
वहीं, प्रभारी निरीक्षक पवन पांडे ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत के दौरान अधिवक्ता अध्यक्ष संजय सक्सेना, महामंत्री सुशील सक्सेना, नईम खान, यूनुस खान, जफर बेग, नाजिम बेग, नासिर खान, रिफाकत खान, फजल अंसारी, शाहिद हुसैन, आदिल बेग, फैजान सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।
नोट: यह समाचार शिकायतकर्ताओं द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने तक आरोप सिद्ध नहीं माने जाएंगे।
