लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित होते ही ठाकुरगंज स्थित बीएलएस इंटर कॉलेज के छात्र एकत्रित होने लगे। विद्यालय परिसर में जश्न का माहौल देखने को मिला। जहां विद्यालय के मेधावियों ने आपस में एक दूसरे के गले लगकर व एक दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। वहीं इस मौके पर विद्यालय प्रबंधन के द्वारा भी हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट में बेहतर अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का मुंह मीठा कराकर उनको सम्मानित किया। इसमें हाईस्कूल युशरा नौशाद ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में टॉप किया। तो वहीं मोहम्मद शारिक ने 86 प्रतिशत, सुप्रिया सैनी ने 85 प्रतिशत, अनमोल साहू ने 85 प्रतिशत व चेतन साहू ने 82 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया। वहीं। इंटरमीडिएट में आलोक साहू 82 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इस मौके पर विद्यालय के मैनेजर संदीप साहू ने कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त परिणाम है। हमें अपने छात्रों पर गर्व है और हमें विश्वास है कि वे भविष्य में भी विद्यालय का नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर प्रदीप साहू, प्रधानाचार्य रवि किशोर, उप प्रधानाचार्य रोमा जाफरी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक मौजूद रहे।
