लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। कुर्सी रोड स्थित गौराबाग के श्री साईं बाबा मंदिर में 16वें स्थापना दिवस के अवसर पर श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस मौके पर बाबा की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मंगल स्नान व पूजन के बाद घोड़े, ऊंट, बैंड-बाजे और आतिशबाजी के साथ साईं बाबा की पालकी मंदिर परिसर से निकली। यात्रा कुर्सी रोड होते हुए टेढ़ी पुलिया चौराहा पहुंची और पुनः मंदिर परिसर में आकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालु साईं नाम का जाप करते हुए आगे बढ़ते रहे। शाम को आयोजित भजन संध्या में भक्तिभाव का माहौल और गहरा हो गया। गायक साईं शाकिर, विशाल कौशिक, गरिमा जायसवाल और साक्षी ने साईं भजनों की ऐसी प्रस्तुति दी कि पंडाल में मौजूद श्रद्धालु झूम उठे। “चलो शिरडी के द्वारे…”, “है साईं नाथ मेरे बाबा…” जैसे भजनों पर भक्त नाचते-गाते नजर आए। पूरा परिसर साईं बाबा के जयकारों से गूंजता रहा। कार्यक्रम में अंकुर नटराज ग्रुप द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण, श्रीराम-लक्ष्मण-सीता, बजरंगबली और भगवान शिव की आकर्षक झांकियां भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहीं। इस दौरान आयोजक डॉ. संदीप कुमार, अनुष्का, रमाकांत शुक्ला, जयकरन सिंह, नीलेश सोनकर, बीरेंद्र मौर्या, प्रवीण वर्मा, रंजीत यादव, अनुज यादव सहित बड़ी संख्या में साईं भक्त मौजूद रहे। अंत में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।


