भाषा विवि में हुआ नशा मुक्त अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम
लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई-II द्वारा "नशा मुक्त अभियान" के अंतर्गत एक प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति तथा उसके शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था, ताकि वे स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त जीवनशैली अपना सकें।
कुलपति के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन
कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा के मार्गदर्शन और NSS समन्वयक डॉ. नलिनी मिश्रा के संरक्षण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रत्नेश कुमार सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तृत चर्चा
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों, युवाओं के भविष्य पर इसके प्रतिकूल प्रभाव और पारिवारिक-सामाजिक जीवन में उत्पन्न होने वाली समस्याओं की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके व्यक्तित्व, परिवार और समाज की प्रगति को भी प्रभावित करता है।
"नशा मुक्त भारत, स्वस्थ भारत" का संदेश
स्वयंसेवकों ने इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ ली।
