युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत मिलेगी 2 वर्ष तक ₹5000 प्रतिमाह प्रोत्साहन राशि
लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के एल.एल.एम. के पूर्व छात्र और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सक्रिय युवा स्वयंसेवक अमन कुमार त्रिपाठी का चयन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन "माय भारत" संस्था के अंतर्गत माय भारत यूथ एम्बेसडर के रूप में हुआ है।
चयन का आधार
अमन का चयन मुख्य रूप से उच्चतम शैक्षणिक योग्यता, सक्रिय युवा स्वयंसेवक कार्य एवं उत्कृष्ट साक्षात्कार के आधार पर हुआ। इस चयन के तहत युवा मंत्रालय द्वारा उन्हें 2 वर्ष तक प्रतिमाह ₹5000 की प्रोत्साहन धनराशि प्रदान की जाएगी।
पहले भी मिल चुका है सम्मान
विश्वविद्यालय के 11वें दीक्षांत समारोह में महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने एल.एल.एम. और विधि अध्ययन संकाय में प्रथम मेधावी होने पर अमन को दो स्वर्ण पदक प्रदान कर मंच से सराहा था। इससे पहले अमन लगातार दो बार उत्तर प्रदेश विधानसभा सदन और दिल्ली में आयोजित युवा संसद में प्रतिभाग कर चुके हैं, साथ ही राजभवन में राज्यपाल द्वारा आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में भी प्रथम स्थान प्राप्त कर चुके हैं।
कुलपति ने दी शुभकामनाएं
अमन की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने शुभकामनाएं देते हुए उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर एनएसएस प्रभारी डॉ. नलिनी मिश्रा, विधि विभागाध्यक्ष डॉ. पीयूष त्रिवेदी, डॉ. राजकुमार सिंह, डॉ. योगेंद्र सिंह, डॉ. प्रशांत वरुण तथा अंशुल पांडेय उपस्थित रहे।
