मड़ियांव में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप
लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब मामा कॉलोनी फैजुल्लागंज निवासी शुभम सोनी (26) घर के बाहर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
### दोस्तों के बुलाने पर निकला था घर से
परिजनों के मुताबिक शुभम शनिवार शाम करीब 7 बजे दोस्तों के बुलाने पर घर से निकला था। देर रात वह घर के बाहर अचेत हालत में मिला।
### परिजनों ने लगाया मारपीट कर हत्या का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया कि उसके दोस्त उसे घर से बुलाकर ले गए थे, जहां शराब पिलाने के बाद उसके साथ मारपीट की गई। परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान शुभम की मौत हो गई, जिसके बाद उसके शव को घर के बाहर फेंक दिया गया। मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी मिलने की बात सामने आई है।
### पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मामले की सूचना पर मड़ियांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह स्पष्ट होगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
