Search News

महापौर ने की सीएनडीएस परियोजनाओं की समीक्षा, ठेकेदार को फटकार

लखनऊ नगर निगम मुख्यालय में महापौर सुषमा खर्कवाल ने सीएनडीएस की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की, औचक निरीक्षण कर ठेकेदार को लगाई कड़ी फटकार।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: August 20, 2026

नगर निगम की सीएनडीएस द्वारा निर्माणाधीन परियोजनाओं की महापौर ने की समीक्षा, कार्यों में तेजी के निर्देश

लखनऊ। महापौर सुषमा खर्कवाल ने बुधवार को लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय में नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ बैठक कर निर्माण कार्यदायी संस्था सीएनडीएस द्वारा नगर निगम लखनऊ के लिए कराए जा रहे विभिन्न महत्वपूर्ण विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक के बाद महापौर ने निर्माणाधीन नगर निगम मुख्यालय का औचक निरीक्षण कर मौके पर चल रहे कार्यों का जायजा लिया।

बैठक में रहे ये अधिकारी मौजूद

बैठक एवं निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव, चीफ इंजिनियर सिविल महेश वर्मा, निर्माण कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के जीएम सौरभ श्रीवास्तव, प्रोजेक्ट मैनेजर शैलेंद्र सिंह, वीनस चौधरी एवं कार्यदायी ठेकेदार संदीप सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

सभी परियोजनाओं को समय से पूरा करने के निर्देश

समीक्षा बैठक में महापौर ने सीएनडीएस द्वारा कराए जा रहे विभिन्न प्रोजेक्ट्स की वर्तमान स्थिति, निर्माण की गति और कार्यों में आ रही बाधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं में कार्य की गति धीमी है, उनमें तत्काल तेजी लाई जाए और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं।

इन प्रमुख परियोजनाओं की हुई समीक्षा

बैठक में सीएनडीएस द्वारा नगर निगम के लिए कराए जा रहे इन प्रमुख कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई:

  • नगर निगम लखनऊ के नवीन मुख्यालय भवन का निर्माण
  • अमौसी में मैंगो पार्क का निर्माण
  • किला मोहम्मदी नाला की रीमॉडलिंग एवं स्टॉर्म वाटर ड्रेन का कार्य
  • आलमबाग से हैदर कैनाल तक गीतापल्ली नाले के डायवर्जन के लिए आरसीसी स्टॉर्म वाटर ड्रेन का निर्माण
  • विभिन्न पंपिंग स्टेशनों पर फ्लड पंपिंग एवं जल निकासी व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण
  • औरंगाबाद में वर्किंग वूमेन हॉस्टल का निर्माण
  • साहित्य पार्क का निर्माण
  • मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना (CMVNY) 2025-26 के अंतर्गत जोन-7 में जोनल ऑफिस का निर्माण
  • महानगर में कुकरैल नदी किनारे अयोध्या मार्ग स्थित भूमि पर अर्बन प्लाजा, डिजिटल लाइब्रेरी, बुक कैफे, फूड कोर्ट, रूफटॉप टैरेस रेस्टोरेंट, बेसमेंट पार्किंग सहित बहुउद्देशीय भवन का विकास कार्य

बैठक के बाद नवीन मुख्यालय का औचक निरीक्षण, ठेकेदार को फटकार

समीक्षा बैठक के बाद महापौर सुषमा खर्कवाल ने नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ निर्माणाधीन नगर निगम मुख्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों में हो रहे विलंब पर महापौर ने नाराजगी जताई और संबंधित ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्यों में तत्काल तेजी लाने के निर्देश दिए।

महापौर ने स्पष्ट कहा कि नगर निगम की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

Breaking News:

Recent News: