मोबाइल लोकेशन और सर्विलांस की मदद से करनाल में दबिश, प्रेम-प्रसंग और शादी की नीयत से किशोरी को ले जाने की बात आई सामने।
लखनऊ। डीसीपी उत्तरी, एडीसीपी उत्तरी एवं एसीपी बीकेटी के पर्यवेक्षण में थाना महिगवां पुलिस ने अपहरण के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए अपहृत किशोरी को हरियाणा से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी कलीम, निवासी रहीम नगर डुडौली, मड़ियांव, को हरियाणा के करनाल से गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी कलीम को विधिक प्रक्रिया के तहत 36 घंटे के ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह किशोरी को प्रेम-प्रसंग के चलते शादी करने की नीयत से अपने साथ हरियाणा लेकर गया था।
थाना प्रभारी राधेश्याम मौर्या के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरे अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद बरामद किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग से ऐसे मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जा रहा है।
