दुपट्टे से गला कसकर महिला की हत्या, नहर किनारे शव छोड़कर भागा आरोपी
मानकनगर पुलिस ने तीन घंटे में धीरज को दबोचा, हत्या में इस्तेमाल ई-रिक्शा बरामद
लखनऊ। मानकनगर क्षेत्र में रुपयों के विवाद को लेकर एक महिला की हत्या कर शव ठिकाने लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला की दुपट्टे से गला कसकर हत्या करने के बाद शव को ई-रिक्शा में लादा और नहर में फेंकने पहुंच गया। हालांकि, पीछे से लोगों को आता देख वह घबरा गया और शव को नहर किनारे छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मुकदमा दर्ज होने के महज तीन घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक मृतका पूजा उर्फ परवीन (28) थी। उसके पिता मुन्ना लाल मियां उर्फ टिंचू इस्लाम ने मानकनगर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी बेटी की उसके साथ रहने वाले धीरज कुमार सोनकर (55) ने हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा 103(1) और 238(a) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
50 हजार रुपये को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पूजा को पिछले करीब चार-पांच वर्षों से जानता था। दोनों के बीच परिचय था और पूजा अक्सर उसके साथ स्लीपर ग्राउंड क्षेत्र में रहती थी।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त की रात पूजा ने आरोपी से 50 हजार रुपये मांगे थे। धीरज ने हाल ही में ई-रिक्शा लोन पर लेने और रुपये उपलब्ध नहीं होने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोपी के मुताबिक, अगले दिन तड़के करीब तीन से चार बजे पूजा घर जाने की जिद करने लगी। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर धीरज ने गुस्से में उसके दुपट्टे से गला कस दिया। दम घुटने से पूजा की मौत हो गई।
शव को ई-रिक्शा में लादकर पहुंचा नहर किनारे
महिला की मौत के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। उसने शव को अपने ई-रिक्शा में लादा और नहर की ओर चला गया। डीआरएम पुलिया के पास वह शव को नहर में फेंकने का प्रयास कर रहा था। इसी बीच पीछे से कुछ लोगों को पैदल आते देख आरोपी के हाथ-पांव फूल गए। पकड़े जाने के डर से उसने शव को नहर में फेंकने के बजाय नहर किनारे फुटपाथ पर छोड़ दिया और ई-रिक्शा लेकर मौके से भाग निकला।
तीन घंटे में गिरफ्त में आया आरोपी
घटना की सूचना और तहरीर मिलते ही मानकनगर पुलिस सक्रिय हो गई। उपलब्ध साक्ष्यों और मिली सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की। लगातार प्रयास के बाद पुलिस टीम ने बुधवार को आरोपी धीरज कुमार सोनकर को उसके दूसरे पते स्लीपर ग्राउंड, शांतिपुरम कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल बजाज गोगो ई-रिक्शा संख्या यूपी32आरटी5486 भी बरामद किया। आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले की विवेचना थानाध्यक्ष अजीत कुमार द्वारा की जा रही है।
