Search News

मानक नगर रेलवे स्टेशन का कायाकल्प, ₹16.52 करोड़ से बनेगा वर्ल्ड क्लास

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मानक नगर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास जारी, अप्रैल 2027 तक पूरा होगा नया भवन, लिफ्ट, पार्किंग व यात्री सुविधाएं।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: July 24, 2026

अमृत भारत स्टेशन योजना: मानक नगर रेलवे स्टेशन का हो रहा कायाकल्प, यात्रियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं

लखनऊ। यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत मानक नगर रेलवे स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास कार्य प्रगति पर है। लगभग ₹16.52 करोड़ की लागत से संचालित इस परियोजना के अप्रैल 2027 तक पूर्ण होने की संभावना है।

नया स्टेशन भवन, प्रतीक्षालय और पार्किंग का होगा विस्तार

परियोजना के अंतर्गत स्टेशन पर नए जी+1 स्टेशन भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिससे यात्रियों को अधिक विस्तृत एवं व्यवस्थित टिकटिंग, प्रतीक्षालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही स्टेशन के परिसंचरण क्षेत्र (Circulating Area) का विकास तथा पार्किंग व्यवस्था का विस्तार भी किया जा रहा है।

3 नई लिफ्ट, आधुनिक प्रतीक्षालय और शौचालय ब्लॉक

यात्रियों के सुरक्षित एवं सुचारु आवागमन के लिए स्टेशन पर 3 नई लिफ्ट स्थापित की जा रही हैं। साथ ही लगभग 81 वर्गमीटर क्षेत्रफल का आधुनिक प्रतीक्षालय विकसित किया जा रहा है, जहां यात्रियों को आरामदायक वातावरण उपलब्ध होगा। इसके अतिरिक्त पुरुष, महिला एवं दिव्यांगजन के लिए पृथक सुविधाओं सहित आधुनिक शौचालय ब्लॉक का निर्माण भी किया जा रहा है।

यात्रियों को धूप, वर्षा एवं अन्य मौसम संबंधी असुविधाओं से राहत देने के लिए लगभग 2,180 वर्गमीटर क्षेत्रफल में प्लेटफॉर्म शेड बनाया जा रहा है। वहीं लगभग 2,500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में आधुनिक पार्किंग सुविधा भी विकसित की जा रही है।

दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं

दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं को विशेष प्राथमिकता देते हुए स्टेशन पर निम्न सुविधाएं विकसित की जा रही हैं:

  • सुलभ शौचालय एवं रैंप
  • लिफ्ट एवं टैक्टाइल गाइडेंस पाथ
  • व्हीलचेयर-अनुकूल प्रवेश
  • आरक्षित पार्किंग
  • कम ऊंचाई वाला टिकट काउंटर
  • सहायता कक्ष

इन सुविधाओं का उद्देश्य सभी यात्रियों को समान एवं सहज यात्रा अनुभव प्रदान करना है।

प्लेटफॉर्म उन्नयन और अन्य विकास कार्य

परियोजना के अंतर्गत निम्न कार्य भी तेज़ी से किए जा रहे हैं:

  • पे एंड यूज़ शौचालय का निर्माण
  • प्लेटफॉर्म संख्या-1 की लगभग 1,680 वर्गमीटर सतह का उन्नयन
  • प्लेटफॉर्म संख्या-1, 2 एवं 3 का सुधार
  • लगभग 150 मीटर लंबी बाउंड्री वॉल/फेंसिंग
  • स्टेशन भवन के आकर्षक फेसाड का निर्माण
  • लैंडस्केपिंग एवं अन्य विकास कार्य

इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद स्टेशन की कार्यक्षमता, सुरक्षा, स्वच्छता एवं सौंदर्य में उल्लेखनीय सुधार होगा।

भविष्य की यात्री संख्या को ध्यान में रखकर तैयार हो रहा स्टेशन

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत मानक नगर रेलवे स्टेशन का यह पुनर्विकास कार्य यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगमता को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। कार्य पूर्ण होने के उपरांत यात्रियों को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित, सुगम एवं आधुनिक वातावरण में यात्रा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह परियोजना न केवल वर्तमान आवश्यकताओं को पूरा करेगी, बल्कि भविष्य में बढ़ती यात्री संख्या की जरूरतों के अनुरूप स्टेशन को अधिक सक्षम एवं आधुनिक बनाएगी।

Breaking News:

Recent News: