लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। माय भारत के तत्वावधान में युवा सहभागिता को बढ़ावा देने तथा महिलाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी को सशक्त बनाने हेतु “बजट क्वेस्ट 2026” कार्यक्रम के अंतर्गत “वूमेन मॉक पार्लियामेंट” का आयोजन 12 अप्रैल को इंदिरा गाँधी प्रतिष्ठान में किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री के “विकसित भारत @2047” के विज़न के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है, जिसका मुख्य विषय “महिला आरक्षण विधेयक – नारी शक्ति: विकसित भारत की आवाज” है। कार्यक्रम का उद्देश्य भारत सरकार द्वारा पारित महिला आरक्षण विधेयक (संविधान का 106वां संशोधन अधिनियम, 2023) की भावना को जन-जन तक पहुंचाना तथा युवा महिलाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं, संवैधानिक मूल्यों एवं नीति-निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है। कार्यक्रम की रूपरेखा - केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा प्रारंभ किया गया “MY Bharat Budget Quest 2026” एक राष्ट्रव्यापी पहल है, जिसका उद्देश्य युवाओं को केंद्रीय बजट की समझ से जोड़ना तथा उसे आम नागरिकों के जीवन से संबंधित बनाना है। कार्यक्रम का शुभारंभ 03 फरवरी 2026 से MY Bharat प्लेटफॉर्म पर किया गया, राष्ट्रीय स्तर का ऑनलाइन क्विज 17 फरवरी 2026 तक आयोजित किया गया चयनित प्रतिभागियों के लिए निबंध प्रतियोगिता (17 फरवरी – 3 मार्च 2026) आयोजित हुई, जिसके बाद मूल्यांकन के उपरांत 10 मार्च 2026 को मेरिट सूची जारी की गई। बजट क्वेस्ट में भाग लेने समस्त युवाओ का चयन माय भारत पोर्टल पर आयोजित बजट क्वेस्ट प्रतियोगिता के तहत भाग लेने वाले 12 लाख युवाओ में से चयन किया है देश के कुल 17 जगह पर ये कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है इस क्रम के तहत उत्तर के लखनऊ में भी उक्त कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है कुल 1200 युवा प्रतिभागी भाग लेंगे। वूमेन मॉक पार्लियामेंट” में कुल 40 चयनित महिला प्रतिभागी भाग लेंगी, जिनमें 30 प्रतिभागियों को मंत्री की भूमिका प्रदान की जाएगी, 10 प्रतिभागियों को सांसद की भूमिका दी जाएगी। मॉक पार्लियामेंट को वास्तविक संसदीय प्रक्रिया के अनुरूप संचालित किया जाएगा, जिसमें एक नामित महिला अध्यक्ष द्वारा सदन का संचालन महिला आरक्षण विधेयक पर संरचित चर्चा प्रतिभागियों को 90 सेकंड में अपने विचार रखने का अवसर अंत में ध्वनि मत के माध्यम से प्रस्ताव पारित किया जाएगा। कार्यक्रम की विशेषता यह है कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आई हुई लगभग 500–600 युवा महिलाएं दर्शक के रूप में उपस्थित रहेंगी, जो इस संसदीय प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से समझेंगी और लोकतंत्र की कार्यप्रणाली से परिचित होंगी। “बजट क्वेस्ट 2026” के अंतर्गत देशभर में व्यापक युवा सहभागिता देखने को मिली है, जिसमें लाखों युवाओं ने भाग लिया। चयनित प्रतिभागियों में से बड़ी संख्या में युवा महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्हें इस मॉक पार्लियामेंट में भाग लेने का अवसर दिया जा रहा है। बजट क्वेस्ट 2026 एवं प्रधानमंत्री से संवाद कार्यक्रम के अगले चरण में 13 अप्रैल को प्रधानमंत्री के साथ वर्चुअल संवाद आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से चयनित प्रतिभागी जुड़ेंगे। इसके लिए उच्च स्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, नेटवर्क, ऑडियो-विजुअल एवं तकनीकी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि संवाद सुचारु एवं प्रभावी रूप से संपन्न हो सके।
