Search News

यूपी डेंटल शो-2026 का आगाज, नई तकनीकों और शोध पर होगा मंथन

यूपी डेंटल शो-2026
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: July 25, 2026

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने किया उद्घाटन, देशभर के 2,000 से अधिक दंत चिकित्सक और विशेषज्ञ हुए शामिल

लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) उत्तर प्रदेश राज्य शाखा के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय 8वें यूपी डेंटल शो-2026 का शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भव्य शुभारंभ हुआ। सम्मेलन का उद्घाटन प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने किया। इस अवसर पर उन्होंने आधुनिक दंत चिकित्सा के क्षेत्र में आईडीए की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण मुख स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और नई तकनीकों को बढ़ावा देने में ऐसे वैज्ञानिक सम्मेलन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। देशभर से आए 2,000 से अधिक दंत चिकित्सक, डेंटल छात्र, शिक्षाविद, शोधकर्ता और 100 से अधिक अग्रणी डेंटल कंपनियों के प्रतिनिधि इस सम्मेलन में भाग ले रहे हैं। दो दिवसीय आयोजन में नवीनतम तकनीकों, अनुसंधान और आधुनिक उपचार पद्धतियों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।

को-चेयरपर्सन मीडिया कमेटी डॉ. हिमांगी दुबे ने बताया कि सम्मेलन में एम्स, बीएचयू, केजीएमयू समेत देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ इम्प्लांटोलॉजी, एंडोडॉन्टिक्स, प्रोस्थोडॉन्टिक्स, ऑर्थोडॉन्टिक्स, एस्थेटिक एवं डिजिटल डेंटिस्ट्री, पीडियाट्रिक डेंटिस्ट्री सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान देंगे। सम्मेलन में फुल माउथ रिहैबिलिटेशन, कर्व्ड रूट कैनाल मैनेजमेंट, अलाइनर आईपीआर, सीबीसीटी इंटरप्रिटेशन, इम्प्लांट प्लेसमेंट, लेजर डेंटिस्ट्री, टीथ व्हाइटनिंग और पीडियाट्रिक डेंटिस्ट्री जैसे विषयों पर हैंड्स-ऑन वर्कशॉप भी आयोजित की जा रही हैं, जिनमें प्रतिभागियों को विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। उत्तर प्रदेश के विभिन्न डेंटल कॉलेजों के संकाय सदस्यों, स्नातकोत्तर छात्रों और शोधार्थियों द्वारा वैज्ञानिक शोध-पत्र एवं पोस्टर प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। साथ ही उत्तर भारत की प्रमुख डेंटल ट्रेड प्रदर्शनी में आधुनिक उपकरणों, तकनीकों और नवाचारों का प्रदर्शन किया जाएगा।

इस वर्ष सम्मेलन की थीम "The New Era of Clinical Intelligence: Integrating Precision with Next-Gen Skills" रखी गई है, जो आधुनिक दंत चिकित्सा में तकनीकी और क्लीनिकल बदलावों को रेखांकित करती है। इस अवसर पर आईडीए उत्तर प्रदेश राज्य शाखा के अध्यक्ष डॉ. सुधाकर सिंह, मानद सचिव डॉ. सचिन प्रकाश, प्रेसिडेंट-इलेक्ट डॉ. संदीप शुक्ला, इमीडिएट पास्ट प्रेसिडेंट डॉ. टी.पी. चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में दंत चिकित्सक एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे। आयोजन अध्यक्ष डॉ. टी.पी. चतुर्वेदी, संरक्षक डॉ. राजीव गुलाटी, सह-संरक्षक डॉ. एस.के. कटारिया तथा मुख्य समन्वयक डॉ. के.के. गुप्ता के नेतृत्व में अतिथियों का स्वागत किया गया। सम्मेलन के वैज्ञानिक कार्यक्रम का नेतृत्व डॉ. प्रमिला वर्मा तथा ट्रेड प्रदर्शनी का संचालन डॉ. जागृति गुप्ता कर रही हैं। आयोजकों ने विश्वास जताया कि यह सम्मेलन दंत चिकित्सा के क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार, सतत शिक्षा और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने के साथ-साथ देश में मुख स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Breaking News:

Recent News: