रानी झांसी वाहिनी पार्क में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण, 100 से अधिक पौधे रोपे गए
लखनऊ। मैथिलीशरण गुप्त वार्ड स्थित रानी झांसी वाहिनी पार्क में मंगलवार को "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा लखनऊ जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना, महापौर सुषमा खर्कवाल और विधायक ओपी श्रीवास्तव ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश दिया।
मंत्री खन्ना ने रोपा गुड़हल, महापौर ने चांदनी का पौधा
कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुरेश खन्ना ने गुड़हल का पौधा और महापौर सुषमा खर्कवाल ने चांदनी का पौधा रोपित किया। इसके अलावा उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर अभियान को सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में रहे मौजूद ये गणमान्य लोग
लखनऊ पूर्वी विधायक ओपी श्रीवास्तव, पार्षद अशोक उपाध्याय, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव, जोनल अधिकारी विकास सिंह, उद्यान अधीक्षक शशिकांत शशि और गंगाराम गौतम सहित नगर निगम के अधिकारीगण एवं क्षेत्रीय नागरिक इस अवसर पर उपस्थित रहे।
पार्क में लगाए गए 100 से अधिक पौधे
पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान गुड़हल, आम, अमरूद, टिकोमा एवं चांदनी सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत रानी झांसी वाहिनी पार्क में 100 से अधिक पौधों का रोपण किया गया।
मंत्री सुरेश खन्ना बोले — "यह जनआंदोलन है, केवल कार्यक्रम नहीं"
मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया "एक पेड़ मां के नाम" अभियान केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक जनआंदोलन है। प्रत्येक नागरिक को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। पर्यावरण संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है और जनभागीदारी से ही हरित एवं स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
महापौर सुषमा खर्कवाल — "मां जैसा पालन-पोषण करते हैं वृक्ष"
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि "एक पेड़ मां के नाम" अभियान भावनाओं और पर्यावरण संरक्षण का अद्भुत संगम है। जिस प्रकार मां अपने बच्चों का पालन-पोषण करती हैं, उसी प्रकार वृक्ष भी हमें जीवन के लिए आवश्यक संसाधन प्रदान करते हैं। पौधारोपण केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि पौधों के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प भी होना चाहिए। हर नागरिक यदि एक पौधे को वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल का दायित्व निभाए, तो शहर और अधिक हरित एवं स्वच्छ बन सकता है।
उन्होंने बताया कि लखनऊ नगर निगम पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रहा है और जनसहभागिता के माध्यम से ऐसे अभियानों को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
