• 90 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले 236 मेधावियों को नगद पुरस्कार, प्रशस्ति-पत्र व स्मृति चिह्न से नवाजा
लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। रानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल ग्रुप ऑफ स्कूल्स में सीबीएसई बोर्ड कक्षा 12वीं परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए स्कॉलरशिप वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन सेक्टर-14, इंदिरा नगर स्थित अमर शहीद कैप्टन मनोज कुमार पांडेय सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के संस्थापक प्रबंधक जयपाल सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा अमर शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने वंदे मातरम्, गणेश वंदना, देवी वंदना, गुरु वंदना और प्रेरणादायक गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। समारोह में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा-2026 में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 236 छात्र-छात्राओं को नगद पुरस्कार, प्रशस्ति-पत्र तथा रानी लक्ष्मीबाई स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। संस्था के संस्थापक प्रबंधक जयपाल सिंह ने मेधावियों को उनके अभिभावकों के साथ सम्मानित करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी निदेशक, प्रधानाचार्या, उप-प्रधानाचार्या एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में संस्था की निदेशक निर्मल टंडन ने अभिभावकों, छात्र-छात्राओं एवं सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
