नगर निगम का अतिक्रमण के विरुद्ध सघन अभियान, दो जोनों में हटाए गए अवैध कब्जे, वसूला गया शमन शुल्क
लखनऊ। शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम लखनऊ ने गुरुवार को सघन एवं बहुस्तरीय अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर विभिन्न जोनों में अभियान संचालित कर अवैध अतिक्रमण हटाए गए तथा संबंधित अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध शमन शुल्क की कार्रवाई भी की गई।
जोन-1: नरही, शहीद स्मारक और कैसरबाग क्षेत्र से हटाए गए अतिक्रमण
नगर निगम के जोन-1 क्षेत्रांतर्गत हजरतगंज स्थित नरही सब्जी मंडी के पास किए गए स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। इसके अतिरिक्त शहीद स्मारक होते हुए मूंगफली मंडी तथा कैसरबाग सब्जी मंडी के निकट बने पक्के चबूतरे को भी ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में सहायता मिलेगी।
जोन-1 में यह अभियान जोनल अधिकारी ओम प्रकाश सिंह, श्री डी.एस. डूबे एवं जेई. ईटीएफ. के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम के प्रवर्तन दल (296) की टीम भी मौके पर उपस्थित रही।
जोन-5: अमौसी मेट्रो स्टेशन तक हटाए गए अवैध ठेले, गुमटियां और काउंटर
जोन-5 क्षेत्रांतर्गत गिन्दन खेड़ा मोड़ से अमौसी मेट्रो स्टेशन तक अस्थायी अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान निम्न अतिक्रमण हटाए गए:
- 7 ठेले
- 3 गुमटियां
- 4 अवैध काउंटर
साथ ही संबंधित लोगों को दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
शमन शुल्क वसूली — अतिक्रमण एवं पॉलीथीन उल्लंघन पर कार्रवाई
अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों से निम्न शमन शुल्क वसूला गया:
- अतिक्रमण के लिए ₹3,300
- गंदगी फैलाने एवं प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग के लिए ₹5,000
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण एवं स्वच्छता संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
जोन-5 में यह अभियान जोनल अधिकारी विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान में कर अधीक्षक सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी सचिन सक्सेना, राजस्व निरीक्षक पियूष तिवारी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सुभाष चौधरी, नगर निगम के प्रवर्तन दल (296) तथा पुलिस बल की संयुक्त टीम ने सहभागिता करते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
