लखनऊ मंडल ने सुपर फास्ट ट्रेन की स्पीड से चलाई कार्गो ट्रेन
लखनऊ। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने कार्गो ट्रेन परिचालन में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज करते हुए NMG ऑटोमोबाइल ट्रेन को सुपर फास्ट ट्रेन की गति से चलाकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
456 किमी की दूरी महज 8 घंटे 15 मिनट में तय
इस ट्रेन ने पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (DDU) से रोज़ा (ROZA) तक 456 किलोमीटर की दूरी 8 घंटे 15 मिनट में तय की और 55 किमी/घंटा की औसत गति प्राप्त की। यह NMG रेक एक ही चालक दल द्वारा चलाया गया, जो माल गाड़ी परिचालन में एक उत्कृष्ट उपलब्धि है। उल्लेखनीय है कि सुपरफास्ट ट्रेनों की औसत गति 55 किमी/घंटा या उससे अधिक होती है।
टीम वर्क से मिली यह सफलता
यह उपलब्धि मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा के नेतृत्व में प्राप्त की गई। वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश श्रीवास्तव के प्रयासों से मंडल परिचालन प्रबंधक (DOM) अमित चतुर्वेदी, सहायक मंडल परिचालन प्रबंधक (AOM) गुलकेश मीणा व मुख्य नियंत्रक/कंट्रोल मोहम्मद शारिब और दिलीप श्रीवास्तव ने स्टेशन स्टाफ, ट्रेन मैनेजर व लोको पायलट के उत्कृष्ट तालमेल द्वारा यह रिकॉर्ड हासिल किया।
भविष्य की परिचालन उत्कृष्टता की दिशा में मील का पत्थर
यह उपलब्धि लखनऊ मंडल की सुरक्षित, समयबद्ध एवं दक्ष माल गाड़ी संचालन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है तथा भविष्य में भी परिचालन उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करने की दिशा में प्रेरणादायक सिद्ध होगी।
