लखनऊ में 'अमीलिया फैशन एंड लाइफस्टाइल एग्जीबिशन-2026' का भव्य शुभारंभ, उपमुख्यमंत्री बोले — महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट माध्यम है यह प्रदर्शनी
लखनऊ। भारत लोक शिक्षा परिषद (महिला विभाग), लखनऊ चैप्टर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय "Amelia Fashion & Lifestyle Exhibition–2026" का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक अपनी धर्मपत्नी नम्रता पाठक के साथ शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता बिंदु बोरा ने की।
कार्यक्रम में रहीं ये खास हस्तियां
इस अवसर पर लखनऊ उत्तर क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा एवं उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के सभापति विवेक सिंह तोमर भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने की सराहना
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत लोक शिक्षा परिषद द्वारा महिला उद्यमिता और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने का यह प्रयास सराहनीय है और ऐसे आयोजन महिला उद्यमियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ-साथ "वोकल फॉर लोकल" अभियान को भी मजबूती देते हैं। उन्होंने बताया कि भारत लोक शिक्षा परिषद महिला विभाग पिछले 37 वर्षों से करीब 24 लाख बच्चों के भविष्य और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है, और यह प्रदर्शनी एकल विद्यालयों की शिक्षा तथा महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी व प्रेरणादायी कदम है।
कार्यक्रम अध्यक्ष बिंदु बोरा का संबोधन
कार्यक्रम अध्यक्ष बिंदु बोरा ने बताया कि अमीलिया एग्जीबिशन का मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन 2047 को शक्ति देना है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के मार्गदर्शन का आभार जताते हुए कहा कि प्रदर्शनी से अर्जित आय का उपयोग एकल विद्यालयों में पढ़ने वाले करीब 24 लाख बच्चों के भविष्य निर्माण में किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि महिला विभाग हमेशा से समाज सेवा और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है।
परिश्रमी महिलाओं का हुआ सम्मान
शुभारंभ समारोह के दौरान वर्षभर परिश्रम करने वाली उपस्थित महिला शक्ति को उपमुख्यमंत्री के हाथों अंगवस्त्र व सम्मान चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में रहीं ये गणमान्य उपस्थितियां
कार्यक्रम में भारत लोक शिक्षा परिषद, लखनऊ चैप्टर के अध्यक्ष भूपेंद्र अग्रवाल सहित आशीष अग्रवाल, रवीश अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, बृजमोहन अग्रवाल और अतुल अग्रवाल जैसे शहर के कई गणमान्य नागरिक व समाजसेवी मौजूद रहे। महिला विभाग की ओर से कविता अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, अंजना अग्रवाल, मीनू अग्रवाल, वंदना अग्रवाल, अर्चना अग्रवाल, बीना गोयल, दीपाली मित्तल एवं विभा जालान सहित सभी पदाधिकारी व सदस्याएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन बिन्दू अग्रवाल ने किया।
