Search News

लखनऊ में बनेगा 1800 मीटर लंबा फ्लाईओवर, हरदोई रोड पर सफर होगा आसान

लखनऊ के दुबग्गा चौराहे पर ₹305.31 करोड़ की लागत से 1800 मीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जाएगा। डीएम विशाख ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को जल्द काम शुरू कराने के निर्देश दिए। परियोजना से करीब 4 लाख लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: July 15, 2026

लखनऊ को जाम से मिलेगी बड़ी राहत: दुबग्गा चौराहे पर ₹305.31 करोड़ का फ्लाईओवर, 4 लाख लोगों को होगा फायदा

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के दुबग्गा चौराहे पर वर्षों से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या जल्द खत्म होने की उम्मीद है। जिलाधिकारी विशाख जी ने सोमवार को लखनऊ-हरदोई मार्ग स्थित प्रस्तावित दुबग्गा फ्लाईओवर निर्माण स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश सेतु निगम के परियोजना अधिकारी अमित वर्मा ने बताया कि ₹305.31 करोड़ की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। प्रस्तावित फ्लाईओवर 1800 मीटर लंबा और 11.50 मीटर चौड़ा होगा।

जिलाधिकारी ने वन विभाग, मंडी परिषद और लखनऊ विकास प्राधिकरण सहित सभी संबंधित विभागों को भूमि संबंधी औपचारिकताओं और तकनीकी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।

अधिकारियों के अनुसार फ्लाईओवर बनने के बाद कानपुर बाईपास और आगरा एक्सप्रेसवे से आने वाला यातायात सीधे हरदोई रोड से जुड़ सकेगा। इससे हरदोई, सीतापुर, मलिहाबाद, चौक और बुद्धेश्वर क्षेत्र के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा तथा दुबग्गा चौराहे पर लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

परियोजना पूरी होने के बाद करीब 4 लाख लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही क्षेत्र में व्यापार, परिवहन, औद्योगिक गतिविधियों और आधारभूत संरचना के विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। बैठक में वन भूमि, मंडी परिषद और लखनऊ विकास प्राधिकरण से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रभावित भूमि का शीघ्र आकलन कर प्रतिकर राशि का विवरण सेतु निगम को उपलब्ध कराया जाए तथा वन भूमि से संबंधित सभी आवश्यक अनुमतियों के लिए ऑनलाइन आवेदन तत्काल किया जाए, ताकि परियोजना निर्धारित समय में शुरू हो सके।

Breaking News:

Recent News: