लखनऊ मेट्रो के साथ सफर अब और आसान, लास्ट माइल कनेक्टिविटी के लिए नई इलेक्ट्रिक फीडर सेवा शुरू
लखनऊ। लखनऊ मेट्रो ने यात्रियों को मेट्रो स्टेशन से उनके गंतव्य तक बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की दिशा में बुधवार को एक नई पहल की शुरुआत की। UPMRC के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने अमौसी मेट्रो स्टेशन से इलेक्ट्रिक फीडर वाहन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह सेवा अंजनेय फीडर सेवा के साथ लखनऊ मेट्रो के समझौते के तहत शुरू की गई है।
चार रूटों पर शुरू हुई सेवा, ₹15 से ₹50 तक किराया
इस सेवा की शुरुआत चार रूटों से की गई है, जिसके माध्यम से मेट्रो स्टेशनों को शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों से जोड़ा जाएगा। यात्रा की दूरी के अनुसार किराया ₹15 से ₹50 के बीच रखा गया है और यह सेवा सुबह 6:00 बजे से रात 10:30 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
इलेक्ट्रिक फीडर वाहन सेवा के चार प्रमुख रूट
- अमौसी मेट्रो स्टेशन → नादरगंज चौराहा, हैदरी चौराहा, ग्वारी, सरोजिनी नगर, स्कूटर इंडिया चौराहा, बंथरा
- इंदिरा नगर मेट्रो स्टेशन → पॉलीटेक्निक चौराहा, अवध बस स्टैंड, हुसड़िया, इकाना स्टेडियम, अहमामऊ, लुलु मॉल, उतरेटिया
- इंदिरा नगर मेट्रो स्टेशन → पॉलीटेक्निक चौराहा, कमता, चिनहट तिराहा, मटियारी चौराहा, बीबीडी, तिवारीगंज, अनौरा कला अंडरपास
- इंदिरा नगर मेट्रो स्टेशन → पॉलीटेक्निक चौराहा, वेव मॉल, आरएमएल, आईजीपी, कठौता चौराहा, तकवा चौराहा, डिवाइन हॉस्पिटल, दयाल, गोमती नगर रेलवे स्टेशन, मंत्री आवास मार्ग, लोहिया पथ, फैजाबाद रोड, एचएएल
सुरक्षा के लिए SOS, GPS ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहनों में SOS सुविधा, इन-व्हीकल कैमरा और GPS ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं दी गई हैं। यह सेवा Anjaneya PriEdge Private Limited के सहयोग से संचालित की जा रही है।
UPMRC एमडी सुशील कुमार ने कही यह बात
इस अवसर पर UPMRC के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि लखनऊ मेट्रो यात्रियों को बेहतर लास्ट-माइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए पहले से रैपिडो, माई दीदी, उबर जैसी विशेष पहल संचालित कर रहा है। अब इलेक्ट्रिक फीडर सेवा के माध्यम से यात्रियों को मेट्रो स्टेशनों तक पहुंचने और आगे अपने गंतव्य तक जाने के लिए एक और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।
