महोना में छज्जा गिरने से हुई थी दो मासूमों की मौत, 11 लोग घायल; जांच जारी
बख्शी का तालाब (लखनऊ), इटौंजा थाना क्षेत्र के महोना कस्बे में मोहर्रम के दौरान हुए दर्दनाक छज्जा हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 27 जून को नगर पंचायत महोना के वार्ड नंबर-6 निवासी इस्मान पुत्र साजिद की तहरीर पर इटौंजा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि मोहर्रम के अवसर पर कुछ लोग अपने मकान के सामने बने छज्जे पर बैठकर कोल्ड ड्रिंक और बिस्किट का वितरण कर रहे थे। इसी दौरान छज्जे पर उसकी क्षमता से अधिक लोगों के एकत्र होने के कारण वह अचानक भरभराकर गिर गया।
दो मासूमों की मौत, 11 लोग हुए घायल
इस हादसे में 12 वर्षीय अरमान और अली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे महोना कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। घायलों को तत्काल विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।
जांच में लापरवाही की पुष्टि, दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान प्रथम दृष्टया यह सामने आया कि आरोपियों की कथित लापरवाही और उपेक्षापूर्ण व्यवहार के कारण यह हादसा हुआ।
जांच के आधार पर सोमवार को पुलिस ने नगर पंचायत महोना के पकरिया मोहल्ला निवासी मेहताब उर्फ मेराज (28 वर्ष) और गुलजार अली (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को स्थानीय क्षेत्र से हिरासत में लेकर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
अन्य आरोपियों की भूमिका की भी होगी जांच
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है। यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है, तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा क्षेत्र में सुरक्षा मानकों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान संरचनात्मक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
