प्राकृतिक सौंदर्य के साथ यूपीएसटीडीसी के आतिथ्य का लिया आनंद, पर्यटन मंत्री बोले- युवाओं का उत्साह अभियान की सबसे बड़ी सफलता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार का 'विजिट माई स्टेट' अभियान प्रदेश के पर्यटन स्थलों को नई पहचान दिलाने के साथ-साथ युवाओं को अपनी सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत से जोड़ने का माध्यम बन रहा है। इसी कड़ी में रविवार को लखनऊ से करीब 35 बाइकर्स का समूह कानपुर-लखनऊ हाईवे स्थित चंद्रशेखर आजाद पक्षी विहार पहुंचा। यहां बाइकर्स ने प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के साथ-साथ यूपी राज्य पर्यटन विकास निगम (UPSTDC) के राही टूरिस्ट बंगले में पारंपरिक आतिथ्य का अनुभव भी प्राप्त किया।
बाइकर्स का हुआ पारंपरिक स्वागत
यूपीएसटीडीसी की ओर से राही टूरिस्ट बंगले में बाइकर्स का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। उन्हें चाय-कॉफी एवं पौष्टिक नाश्ता परोसा गया। इसके बाद पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को पक्षी विहार का भ्रमण कराया, जहां उन्होंने शांत जलाशयों, स्थानीय और प्रवासी पक्षियों को नजदीक से देखा तथा उनके संरक्षण और पर्यावरणीय महत्व की जानकारी हासिल की।
युवाओं की भागीदारी अभियान की सफलता का प्रमाण : जयवीर सिंह
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि 'विजिट माई स्टेट' अभियान से बड़ी संख्या में युवाओं का जुड़ना बेहद उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि युवाओं की बढ़ती भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश के पर्यटन स्थलों को लेकर लोगों में जागरूकता और रुचि लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान युवाओं को उत्तर प्रदेश के ईको-टूरिज्म स्थलों, प्राकृतिक धरोहरों और पर्यटन स्थलों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें प्रकृति के बीच यादगार अनुभव प्राप्त करने का अवसर भी प्रदान कर रहा है।
सतत पर्यटन को मिल रहा बढ़ावा : अमृत अभिजात
यूपीएसटीडीसी के चेयरमैन अमृत अभिजात ने कहा कि 'विजिट माई स्टेट' अभियान लोगों को उत्तर प्रदेश के पर्यटन स्थलों को नए नजरिए से देखने और समझने के लिए प्रेरित कर रहा है। उन्होंने कहा कि ईको-टूरिज्म, गुणवत्तापूर्ण आतिथ्य और सतत पर्यटन (Sustainable Tourism) को बढ़ावा देकर अधिक से अधिक पर्यटकों को प्रदेश की ओर आकर्षित किया जा रहा है।
प्रकृति प्रेमियों के लिए बेहतरीन डेस्टिनेशन
बाइकर्स समूह के सदस्य अमित सिंह ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद पक्षी विहार प्रकृति प्रेमियों के लिए एक शानदार पर्यटन स्थल है, जो तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग की ओर से मिले आत्मीय आतिथ्य ने इस यात्रा को और भी यादगार बना दिया। उन्होंने लोगों से उत्तर प्रदेश के इस खूबसूरत ईको-टूरिज्म स्थल का भ्रमण करने की अपील भी की।
