Search News

सावन मेला 2026: जोन-6 लखनऊ में स्वच्छता समीक्षा, लापरवाही पर एक लाख का जुर्माना

लखनऊ के जोन-6 में सावन मेले से पहले अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव ने बुद्धेश्वर मंदिर, पिंक सिटी ड्रेन और काकोरी शहीद दिवस स्थल का निरीक्षण किया। जानें सफाई व्यवस्था, जुर्माना और निर्देशों की पूरी खबर
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: July 25, 2026

सावन मेले से पहले जोन-6 में स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा, लापरवाही पर कार्यदायी संस्था पर एक लाख रुपये का जुर्माना

लखनऊ नगर निगम समाचार: नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव ने जोन-6 क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। सावन माह में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने बुद्धेश्वर मंदिर परिसर, मोहन रोड, पिंक सिटी अंडरग्राउंड ड्रेन, शकुंतला विश्वविद्यालय और काकोरी शहीद दिवस स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान जोनल अधिकारी अमरजीत यादव, अधिशासी अभियंता, जोनल सेनेटरी ऑफिसर एवं क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक मौजूद रहे।

घण्टाघर से दुबग्गा रोड तक सफाई संतोषजनक, गलियों पर विशेष ध्यान के निर्देश

घण्टाघर से दुबग्गा रोड तक मुख्य मार्ग की सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। हालांकि अपर नगर आयुक्त ने संपर्क मार्गों और गलियों में नियमित व सक्रिय सफाई सुनिश्चित करने तथा अंदरूनी क्षेत्रों की स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बुद्धेश्वर मंदिर परिसर और सर्विस लेन को गड्ढा मुक्त करने का आदेश

बुद्धेश्वर मंदिर परिसर में नालियों की नियमित सफाई के निर्देश दिए गए। साथ ही ओवरब्रिज के दोनों ओर स्थित सर्विस लेन को जीएसबी (GSB) डालकर गड्ढा मुक्त करने का काम प्रगति पर पाया गया।

सावन मेले से पहले विद्युत सुरक्षा पर जोर

अपर नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रकाश विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर विद्युत पोल और संयोजक बिंदुओं को इंसुलेट कराया जाए, ताकि सावन मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

पिंक सिटी अंडरग्राउंड ड्रेन: निष्क्रिय मशीनों पर जताई नाराजगी

निरीक्षण में पिंक सिटी अंडरग्राउंड ड्रेन पर दो 7.5 एचपी डीजल पम्प और दो बकेट मशीनें निष्क्रिय अवस्था में मिलीं। पूर्व में सफाई का ठेका जीटी कंस्ट्रक्शन को दिया गया था, जिसने कार्य पूरा नहीं किया और जिसे विभाग ने पहले ही ब्लैकलिस्ट कर दिया है। मौके पर केवल विभागीय डीजल मड पम्प चालू पाया गया, जिस पर अपर नगर आयुक्त ने गहरी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।

वी होप हॉस्पिटल से हैदर कैनाल तक गंदगी पर एक लाख रुपये का जुर्माना

वी होप हॉस्पिटल से हैदर कैनाल तक अंडरग्राउंड ड्रेन आउटलेट पर कई जगह कूड़ा बिखरा मिला। इस लापरवाही पर:

  • जोनल अधिकारी और जोनल सेनेटरी ऑफिसर को फटकार लगाई गई
  • कार्यदायी संस्था एफ.बी. ट्रेडर्स पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया

बुद्धेश्वर से काकोरी शहीद दिवस स्थल तक सफाई व्यवस्था संतोषजनक

बुद्धेश्वर मंदिर से काकोरी शहीद दिवस स्थल तक सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। सब्जी मंडी के सामने सफाई कार्य जारी था और सफाई मित्र सक्रिय रूप से कार्यरत मिले। अपर नगर आयुक्त ने काकोरी मार्ग पर निरंतर गार्बेज पिकिंग तथा डिवाइडरों पर उगी वनस्पतियों की समयबद्ध छंटाई के निर्देश उद्यान अधीक्षक को दिए।

प्लास्टिक विरोधी अभियान और जलभराव रोकने के निर्देश

निरीक्षण के अंत में अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव ने निम्न निर्देश दिए:

  1. जोन-6 में प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाए
  2. जलभराव की स्थिति में तत्काल जल निकासी सुनिश्चित की जाए
  3. त्वरित कार्रवाई दल (QRT) को सक्रिय रखते हुए निरंतर निगरानी बनाए रखी जाए

उन्होंने स्पष्ट किया कि सावन मेले और वीवीआईपी कार्यक्रमों के मद्देनजर स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

Breaking News:

Recent News: