Search News

सीलिंग-नोटिस के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं, जरूरत पड़ी तो दुकानें बंद कर सड़क पर बैठेंगे:- लखनऊ व्यापार मंडल

लखनऊ व्यापार मंडल
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: June 30, 2026

लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद विभिन्न विभागों द्वारा चलाए जा रहे जांच एवं कार्रवाई अभियान के बीच व्यापारियों में बढ़ते असंतोष को लेकर मंगलवार को लखनऊ व्यापार मंडल ने व्यापार भवन, लाटूश रोड स्थित कार्यालय में प्रेस वार्ता की। संगठन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सीलिंग और नोटिस का डर दिखाकर व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र और प्रमुख वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा ने कहा कि लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए), आवास विकास विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों की कार्रवाई से व्यापारियों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। सुरक्षा मानकों के पालन के नाम पर यदि एकतरफा कार्रवाई की जाएगी तो इसका संगठन पुरजोर विरोध करेगा। पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारी सुरक्षा व्यवस्था के पक्षधर हैं, लेकिन कार्रवाई निष्पक्ष और न्यायसंगत होनी चाहिए। किसी भी व्यापारी का अनावश्यक शोषण या उत्पीड़न स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि नोटिस और सीलिंग की कार्रवाई का भय दिखाकर व्यापारियों को मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। प्रेस वार्ता में उपस्थित व्यापारियों ने एक स्वर में कहा कि यदि एकतरफा कार्रवाई नहीं रुकी तो लखनऊ व्यापार मंडल आंदोलन के लिए बाध्य होगा। चेतावनी देते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर व्यापारी अपनी दुकानें बंद कर चाबियां प्रशासन को सौंपते हुए सड़क पर धरना देंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी। व्यापार मंडल ने प्रशासन से संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकालने और व्यापारियों के हितों की रक्षा करते हुए पारदर्शी एवं समान कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

Breaking News:

Recent News: