Search News

सुंदरकांड पाठ की सफलता पर NUJ-UP की समीक्षा बैठक, पत्रकारों के स्वास्थ्य बीमा व धार्मिक यात्रा का प्रस्ताव

पत्रकार
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: July 25, 2026

लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट-उत्तर प्रदेश (NUJ-UP) की समीक्षा बैठक में पत्रकारों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी। बैठक में पत्रकारों एवं उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य बीमा की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष उठाने तथा पत्रकारों के लिए धार्मिक यात्रा आयोजित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही हाल ही में संपन्न सुंदरकांड पाठ के सफल आयोजन की समीक्षा करते हुए सभी सहयोगियों का आभार जताया गया। संगठन के संरक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार अजय जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सुंदरकांड पाठ के सफल आयोजन को संगठन की सामूहिक एकजुटता का प्रतीक बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके सदस्यों की सक्रिय भागीदारी से ही संभव होती है।

बैठक में अजय जायसवाल ने प्रस्ताव रखा कि संगठन का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर पत्रकारों और उनके परिजनों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने की मांग करेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकार चौबीसों घंटे समाज के बीच रहकर अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं, ऐसे में उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। इस प्रस्ताव का सभी सदस्यों ने समर्थन किया। पत्रकारों के बढ़ते कार्यभार और मानसिक तनाव को देखते हुए पत्रकारों एवं उनके परिवारों के लिए धार्मिक यात्रा आयोजित करने का भी प्रस्ताव रखा गया। सदस्यों ने माना कि ऐसे आयोजन पत्रकारों को नई ऊर्जा देने के साथ संगठनात्मक आत्मीयता और पारिवारिक जुड़ाव को भी मजबूत करेंगे। प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक के दौरान संगठन के नवीन परिचय पत्र भी वितरित किए गए। वक्ताओं ने कहा कि परिचय पत्र संगठनात्मक पहचान को मजबूत करने के साथ सदस्यों को एक सूत्र में जोड़ने का माध्यम है। बैठक में संगठन को अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने, पत्रकारों के अधिकारों और हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि संगठन पत्रकारों के हितों की रक्षा के साथ उनके लिए सकारात्मक और सहयोगात्मक वातावरण बनाने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

बैठक में संरक्षक अजय जायसवाल, अनुपम चौहान, आलोक श्रीवास्तव, मीनाक्षी मनु वर्मा, श्यामल त्रिपाठी, अभिनव श्रीवास्तव, आलोक दीक्षित, अविनाश पांडेय, रोलैंड डिसूजा, सुरेन्द्र दुबे, योगेश श्रीवास्तव, संदीप कुमार शुक्ला, दिनेश कुमार त्रिपाठी, सिद्धांत सिंह, शिव सागर सिंह चौहान समेत अन्य मौजूद रहे।

Breaking News:

Recent News: