Search News

सैरपुर में बंद मकानों का ताला तोड़कर चोरी करने वाला शातिर बदमाश फैसल उर्फ छोटू गिरफ्तार, 5 लाख के जेवर व बाइक बरामद

लखनऊ के सैरपुर थाना क्षेत्र में सर्विलांस टीम व सैरपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शातिर चोर फैसल उर्फ छोटू गिरफ्तार। आरोपी के पास से सोने-चांदी के जेवर व चोरी में इस्तेमाल अपाचे बाइक बरामद।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: August 2, 2026

लखनऊ: सैरपुर में बंद मकानों का ताला तोड़कर चोरी करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार, 5 लाख के जेवर व बाइक बरामद

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के उत्तरी जोन स्थित सैरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सर्विलांस टीम उत्तरी और थाना सैरपुर की संयुक्त पुलिस टीम ने बंद मकानों का ताला तोड़कर चोरी करने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और घटना में इस्तेमाल की गई एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई है। बरामद जेवरातों की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है।

क्या है पूरा मामला?

26 जुलाई 2026 को न्याय विहार, सीतापुर रोड, थाना सैरपुर निवासी आशीष कुमार ने पुलिस को तहरीर दी थी कि 25 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1:48 बजे से 2:09 बजे के बीच अज्ञात बदमाशों ने उनके घर का ताला तोड़कर करीब ₹2,50,000 नकद तथा सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। इस शिकायत पर थाना सैरपुर में मुकदमा अपराध संख्या 88/2026, धारा 305(a)/331(3) बीएनएस 2023 के तहत दर्ज किया गया था।

उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मामले की जांच और मुल्जिम की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। 1 अगस्त 2026 को टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी सफेद रंग की अपाचे बाइक से छठामील की ओर आ रहा है। इस सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर दोपहर करीब 3:15 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान

पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने अपना नाम फैसल उर्फ छोटू पुत्र अलीम खान बताया, जो वर्तमान में गऊघाट, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ का निवासी है, जबकि मूल पता मोहल्ला शीर्षटोला दक्षिणी तम्बौर, थाना तम्बौर, जिला सीतापुर है। आरोपी की उम्र करीब 28 वर्ष है और वह पेशे से वाहन मैकेनिक बताया गया है।

अपराध करने का तरीका (Modus Operandi)

पुलिस के अनुसार आरोपी पहले इलाके की रेकी करता था और फिर बंद पड़े मकानों का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।

क्या हुआ बरामद?

आरोपी के कब्जे से निम्नलिखित सामान बरामद हुआ:

  • पांच अंगूठी (पीली धातु)
  • एक चैन (पीली धातु)
  • दो चैन बच्चे की (पीली धातु)
  • दो कड़ा बच्चे की (सफेद धातु)
  • पांच जोड़ी पायल बच्चे की (सफेद धातु)
  • तीन हाथ बच्चे की (सफेद धातु)
  • एक चम्मच (सफेद धातु)
  • चार बिछिया (सफेद धातु)
  • दो सिक्के (सफेद व पीली धातु)
  • एक जोड़ी टॉप्स (पीली धातु)
  • घटना में इस्तेमाल एक अपाचे मोटरसाइकिल (वाहन संख्या UP 32 JC 4808, सफेद रंग), जिसे 207 एमवी एक्ट में सीज किया गया

बरामदगी के आधार पर मुकदमा संख्या 69/2026 (धारा 305ए/317(2) बीएनएस) तथा मुकदमा संख्या 88/2026 (धारा 305ए/331(3)/317(2) बीएनएस), थाना सैरपुर में पंजीकृत होना पाया गया। बरामदगी के आधार पर उपरोक्त दोनों मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई।

पहले से दर्ज हैं दो दर्जन से अधिक मुकदमे

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फैसल उर्फ छोटू का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ लखनऊ और सीतापुर के विभिन्न थानों — जानकीपुरम, गोमतीनगर, मड़ियांव, सआदतगंज, ठाकुरगंज, वजीरगंज, मदेयगंज (लखनऊ), लहरपुर व तम्बौर (सीतापुर) तथा कुसी (बाराबंकी) — में चोरी, गुंडा नियंत्रण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, शस्त्र अधिनियम और NDPS एक्ट सहित कुल 22 से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अन्य जनपदों और थानों से भी आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस टीम

इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष सैरपुर श्री मनोज कुमार कोरी के नेतृत्व में सैरपुर थाना पुलिस टीम और स्वाट/सर्विलांस टीम प्रभारी उ0नि0 श्री दीपक कुमार के नेतृत्व वाली सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया। टीम में उपनिरीक्षक रामदेव, उपनिरीक्षक अनुज कुमार, कांस्टेबल विकास कुमार सरोज, कांस्टेबल दिलीप द्विवेदी, कांस्टेबल अमित कुमार, आरक्षी लव कुमार शुक्ल तथा सर्विलांस टीम से हेड कांस्टेबल अवधेश गिरी, हेड कांस्टेबल मो. नदीम, हेड कांस्टेबल संतोष, हेड कांस्टेबल अमित कुमार गौतम, हेड कांस्टेबल राघवेन्द्र प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल विशेष दहूण और कांस्टेबल अमन शुक्ला शामिल रहे।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तारी का कारण बताते हुए तथा जुर्म धारा से अवगत कराते हुए नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 1 अगस्त 2026 को हिरासत में लिया।

Breaking News:

Recent News: