Search News

स्कूलों में हर 3 महीने पर फायर सेफ्टी ड्रिल हो अनिवार्य, सिविल डिफेंस के मनोज वर्मा ने बताया हादसों से बचाव का सबसे बड़ा उपाय

लखनऊ के रेड रोज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित फायर सेफ्टी प्रशिक्षण कार्यक्रम में सिविल डिफेंस के सीनियर असिस्टेंट डिप्टी कंट्रोलर मनोज वर्मा ने कहा कि प्रत्येक स्कूल में हर तीन महीने पर फायर सेफ्टी ड्रिल अनिवार्य होनी चाहिए।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: July 9, 2026

स्कूलों में हर तीन महीने पर हो फायर सेफ्टी ड्रिल, हादसों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय: मनोज वर्मा

लखनऊ। स्कूलों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक तीन महीने में कम से कम एक बार फायर सेफ्टी ड्रिल कराना अनिवार्य किया जाना चाहिए। इससे किसी भी आपातकालीन स्थिति में घबराहट कम होती है और सभी को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की तैयारी मजबूत होती है। यह बात सिविल डिफेंस के सीनियर असिस्टेंट डिप्टी कंट्रोलर मनोज वर्मा ने रेड रोज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित फायर फाइटिंग एवं सेफ्टी ट्रेनिंग कार्यक्रम के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अग्निकांड की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कई बार ऐसी दुर्घटनाओं में मासूम बच्चों की जान तक चली जाती है। इसलिए शैक्षणिक संस्थानों में नियमित फायर सेफ्टी प्रशिक्षण और मॉक ड्रिल समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

मनोज वर्मा ने बताया कि फायर सेफ्टी ड्रिल का मुख्य उद्देश्य यह है कि किसी भी आपात स्थिति में तीन मिनट के भीतर सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को बिना घबराए सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जा सके। इसके लिए समय-समय पर अभ्यास कराना बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आग के विभिन्न प्रकारों की जानकारी दी और अलग-अलग अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग का लाइव प्रदर्शन किया। साथ ही छात्र-छात्राओं, शिक्षिकाओं एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या को आग बुझाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।

यह कार्यशाला सेवा संकल्प एवं एजुकेशन कॉसमॉस के संयुक्त तत्वावधान में सिविल डिफेंस के सहयोग से आयोजित की गई। प्रशिक्षण में विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में स्टाफ ऑफिसर ऋतुराज रस्तोगी, रेड रोज सीनियर सेकेंडरी स्कूल की चेयरपर्सन स्मिता मिश्रा, प्रधानाचार्या श्रीमती आरती, सेवा संकल्प से सुखप्रीत कौर, अनीता सूद, रंजना तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Breaking News:

Recent News: