36वीं पुण्यतिथि पर याद किए गए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं. रामपाल त्रिवेदी, मोहनीश त्रिवेदी बोले — "बप्पा जी के बताए रास्ते पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि"
लखनऊ। रामपाल त्रिवेदी सेवा संस्थान द्वारा शास्त्री नगर स्थित कार्यालय में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रथम जिला परिषद अध्यक्ष लखनऊ, तथा 25 वर्षों तक मलिहाबाद व बीकेटी से अजेय विधायक रहे श्रद्धेय पंडित रामपाल त्रिवेदी की 36वीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पं. रामपाल त्रिवेदी, रामपाल त्रिवेदी इंटर कॉलेज गोसाईगंज लखनऊ के संस्थापक अध्यक्ष एवं प्रबंधक भी रहे।
स्वतंत्रता आंदोलन में जवानी के 12 साल जेल में बिताए
संस्था के अध्यक्ष मोहनीश त्रिवेदी ने बताया कि बप्पा जी ने स्वतंत्रता आंदोलन में अपनी जवानी के 12 वर्ष विभिन्न आंदोलनों में अंग्रेजों की जेल में काटे और अंग्रेजों की यातनाओं को सहा, लेकिन कभी उनके आगे घुटने नहीं टेके। आजादी के पश्चात जब वे पहली बार विधायक बने, तो उसके बाद 25 वर्षों तक जनता की सेवा करते हुए अजेय विधायक बने रहे।
25 साल विधायक रहकर भी परिवार के लिए छोड़े मात्र ₹1,245
संस्था के महासचिव आशीष त्रिवेदी ने कहा कि आज एक बार पार्षद बनकर लोग करोड़ों रुपये जमा कर लेते हैं, वहीं बप्पा जी 25 वर्षों तक अजेय विधायक और तमाम डिस्ट्रिक्ट बोर्ड के चेयरमैन रहते हुए भी अपने अंतिम समय में परिवार के लिए मात्र ₹1,245 छोड़ गए। परिवार को आज भी इस बात पर गर्व है कि वे एक ईमानदार स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के वंशज हैं।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित रहे ये लोग
बप्पा जी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित करने वालों में मुख्य रूप से धीरज त्रिवेदी, मानस त्रिवेदी, अंशुल त्रिवेदी, अख्तर खान, एजाज खान, दिवाकर प्रताप सिंह, अशोक मिश्रा, विवेक पांडे, वसीम अहमद, कौशिक त्रिवेदी, ऋषिक त्रिवेदी सहित दर्जनों सामाजिक, राजनैतिक व पारिवारिक लोग उपस्थित रहे।
