लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। पायनियर माण्टेसरी स्कूल, विकास नगर शाखा में शनिवार को एआईएससी की ओर से 'उदुमला ग्रेगरी रेड्डी मेमोरियल कथा-कथन प्रतियोगिता' का विद्यालय स्तरीय आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में लखनऊ के 18 विद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपनी कल्पनाशीलता और प्रभावी वक्तृत्व कला का प्रदर्शन किया। बच्चों ने विभिन्न रोचक विषयों पर आधारित कहानियां प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। मुख्य अतिथि शुभम सिंह ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करने के साथ-साथ आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. अर्चना सिंह ने की। निर्णायक मंडल में सेंट्रल एकेडमी स्कूल की पूर्व प्रधानाचार्या सुश्री रोली पाण्डेय, इरविन अमित दास (डायरेक्टर ऑफ कॉन्वेंट एजुकेशन) तथा श्रीमती लौतिका सिक्वायर (डायरेक्टर, सेंट एनीस प्रीस्कूल) शामिल रहीं। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक भी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में माउंट कार्मल स्कूल की मौली पांडेय ने प्रथम, सेंट एंटोनी कॉलेज की सौम्या बिष्ट ने द्वितीय, जबकि सेंट थॉमस मिशन हाईस्कूल की वामशी पांडे और रानी लक्ष्मीबाई स्कूल के विराट तिवारी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। समापन पर प्रधानाचार्या डॉ. अर्चना सिंह ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं निर्णायकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में नैतिक मूल्यों, रचनात्मक सोच और प्रभावी अभिव्यक्ति का विकास करती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में ऐसे आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए।
