Search News

4 से 17 सितंबर तक बारिश का पूर्वानुमान, फसलों के लिए जरूरी टिप्स

उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद ने जारी की मौसम आधारित कृषि सलाह। जानें खरीफ फसल, सब्जी, पशुपालन और मत्स्य पालन से जुड़ी जरूरी जानकारी और आपदा राहत हेल्पलाइन नंबर।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: September 4, 2026

UP किसानों के लिए मौसम आधारित कृषि सलाह जारी, अगले दो सप्ताह में बारिश की संभावना

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद की अध्यक्षता में क्रॉप वेदर वॉच ग्रुप की वर्ष 2026-27 की सातवीं बैठक बुधवार को संपन्न हुई। बैठक के बाद प्रदेश के किसानों के लिए आगामी दो सप्ताह के मौसम को ध्यान में रखते हुए फसल प्रबंधन संबंधी सलाह जारी की गई है।

4 से 17 सितंबर तक कैसा रहेगा मौसम?

कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार 4 से 10 सितंबर के दौरान प्रदेश के अधिकांश कृषि जलवायु अंचलों में साप्ताहिक वर्षा सामान्य या सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। वहीं 11 से 17 सितंबर के दौरान उत्तर-पूर्वी मैदानी क्षेत्रों में सामान्य से अधिक तथा अन्य अंचलों में सामान्य या सामान्य से कम वर्षा दर्ज की जा सकती है।

खरीफ फसलों के लिए किसानों को सलाह

  • वर्षा के पूर्वानुमान को देखते हुए खेतों में उचित जल निकासी की व्यवस्था करें।
  • फिलहाल सिंचाई और कीटनाशकों का प्रयोग स्थगित रखें।
  • कम वर्षा वाले क्षेत्रों में धान की फसल में पर्याप्त नमी बनाए रखें।

सब्जी उत्पादकों के लिए सुझाव

जिन क्षेत्रों में पर्याप्त वर्षा नहीं हुई है, वहां किसान कम अवधि और कम पानी में अच्छी पैदावार देने वाली सब्जियों की खेती कर सकते हैं, जैसे:

  • पालक
  • मूली
  • गाजर
  • शलजम
  • चुकंदर
  • मेथी
  • धनिया

बढ़ते तापमान और नमी के कारण फसलों में रोग व कीट प्रकोप की आशंका को देखते हुए पर्यावरण हितैषी कीट नियंत्रण उपायों को अपनाने की सलाह दी गई है।

पशुपालकों के लिए जरूरी जानकारी

  • बाहरी परजीवियों से बचाव हेतु पशु चिकित्सक की सलाह से ही दवा का प्रयोग करें।
  • पशुओं का खुरपका-मुंहपका रोग का नि:शुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं।
  • गोवंशीय पशुओं के लिए लंपी स्किन डिजीज (LSD) टीकाकरण अभियान पहले ही शुरू किया जा चुका है।

मत्स्य पालकों के लिए सलाह

वर्तमान मौसम मत्स्य संचय के लिए अनुकूल है। मत्स्य पालक कतला, रोहू, नैनी और ग्रास कार्प जैसी प्रजातियों का मत्स्य बीज संचय कर सकते हैं।

आपदा राहत सहायता और हेल्पलाइन नंबर

कृषि अनुसंधान परिषद के अनुसार, केंद्र और राज्य सरकार द्वारा अधिसूचित आपदाओं में मृत्यु होने पर प्रभावित परिवारों को ₹4 लाख की अहैतुक सहायता राशि दी जाती है।

📞 किसी भी आपदा की स्थिति में सहायता हेतु संपर्क करें:

  • राज्य स्तरीय आपदा नियंत्रण कक्ष: 1070
  • जनपद स्तरीय हेल्पलाइन: 1077

Breaking News:

Recent News: