Search News

53,400 किशोरियों को लगा एचपीवी टीका, सर्वाइकल कैंसर से बचाव

लखनऊ के क्वीन मेरी अस्पताल में एचपीवी टीकाकरण शिविर आयोजित। जानें सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 14-15 वर्ष की किशोरियों के लिए चल रहे टीकाकरण अभियान की पूरी जानकारी।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: August 26, 2026

लखनऊ में एचपीवी टीकाकरण अभियान: 59 हजार के लक्ष्य के सापेक्ष 53,400 किशोरियों को लगा टीका

क्वीन मेरी अस्पताल में आयोजित हुआ विशेष एचपीवी टीकाकरण शिविर, 16 किशोरियों को लगा टीका

लखनऊ। सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मंगलवार को लखनऊ के क्वीन मेरी अस्पताल में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए निःशुल्क ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस शिविर का उद्घाटन प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अंजू अग्रवाल ने किया। शिविर में कुल 16 पात्र किशोरियों को एचपीवी का टीका लगाया गया।

जनपद में एचपीवी टीकाकरण अभियान की स्थिति

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह ने बताया कि जनपद में पात्र किशोरियों के एचपीवी टीकाकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिल्वर जुबली के सहयोग से क्वीन मेरी अस्पताल में यह विशेष शिविर आयोजित किया गया।

उन्होंने बताया कि जनपद में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए अप्रैल से तीन माह का विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया था। राज्य स्तर से इस अभियान के दौरान कुल 59 हजार किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके सापेक्ष अब तक 53,400 किशोरियों का टीकाकरण किया जा चुका है।

अभिभावकों से समय पर टीकाकरण की अपील

सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा कार्यदिवसों पर पात्र किशोरियों को एचपीवी का टीका लगाया जा रहा है। डॉ. सिंह ने अभिभावकों से अपील की कि वे 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र किशोरियों का समय रहते एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं, क्योंकि समय पर टीकाकरण भविष्य में एचपीवी संक्रमण और उससे होने वाले सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करने में मदद करता है।

सर्वाइकल कैंसर से बचाव में एचपीवी वैक्सीन कितनी कारगर

डॉ. अंजू अग्रवाल ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम का सुरक्षित और प्रभावी माध्यम है। किशोरावस्था में समय पर टीकाकरण कराने से भविष्य में एचपीवी संक्रमण तथा इससे संबंधित सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को घटाने में महत्वपूर्ण मदद मिलती है। उन्होंने अभिभावकों से किशोरियों के टीकाकरण के प्रति जागरूक रहने और निर्धारित समय पर टीका लगवाने की अपील की।

शिविर में उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विनय कुमार, शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिल्वर जुबली की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रियंका यादव एवं उनकी टीम के साथ क्वीन मेरी अस्पताल के चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहे।

 

Breaking News:

Recent News: