लखनऊ: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने जनता दर्शन में सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

लखनऊ, 13 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने सरकारी आवास 7, कालिदास मार्ग पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सड़क, पेयजल, नाली, बिजली, राजस्व विवाद, चकमार्गों पर अतिक्रमण, आवास, चिकित्सा सहायता और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। डिप्टी सीएम स्वयं फरियादियों के पास पहुंचे, उनकी समस्याएं विस्तार से सुनीं और कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल लिखित निर्देश जारी किए।
कई मामलों में अधिकारियों से फोन पर की बात
उप मुख्यमंत्री ने गंभीर मामलों में संबंधित जिलाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क कर शिकायतों के शीघ्र एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
आयुष्मान कार्ड, आवास और विवाह सहायता से जुड़े मामलों पर निर्देश
जनता दर्शन के दौरान मोहनलालगंज (लखनऊ) निवासी सरोज कुमार ने आयुष्मान भारत कार्ड एवं प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का अनुरोध किया, जिस पर पात्रता के अनुसार तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
हरदोई निवासी नीरज मौर्य ने अपनी बहन के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह/कन्या विवाह सहायता योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता की मांग की। इस मामले में भी संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बिजली और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का भी लिया संज्ञान
आजमगढ़ के ग्राम लेडूपार की ग्राम प्रधान विभावती सिंह ने गांव में 25 केवीए ट्रांसफार्मर लगाए जाने का अनुरोध किया। वहीं आगरा की गुड्डी ने मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी। दोनों मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कानपुर देहात की आरती देवी ने पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान स्वास्थ्यगत आवश्यकता को देखते हुए नेबुलाइज़र ले जाने की अनुमति का अनुरोध किया। उप मुख्यमंत्री ने इस मामले में नियमानुसार संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेने को कहा।
गंभीर बीमारियों से जुड़े मामलों को दी प्राथमिकता
जनता दर्शन में मुरादाबाद, कानपुर और बाराबंकी से आए कैंसर पीड़ितों ने आर्थिक सहायता का अनुरोध किया। इसके अलावा गंभीर किडनी रोग से पीड़ित एक महिला ने एसजीपीजीआई, लखनऊ में उपचार की व्यवस्था कराने की मांग रखी। उप मुख्यमंत्री ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक सहायता और उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को दिए निर्देश
डिप्टी सीएम ने रामपुर, झांसी, कानपुर देहात, प्रयागराज और फिरोजाबाद के जिलाधिकारियों के अलावा कन्नौज, अलीगढ़, सुल्तानपुर और वाराणसी के पुलिस अधिकारियों से भी दूरभाष पर वार्ता कर संबंधित शिकायतों के शीघ्र, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
"जनता दर्शन समाधान का प्रभावी माध्यम"
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जनता दर्शन केवल शिकायतें सुनने का मंच नहीं, बल्कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेते हुए पात्र व्यक्तियों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार "सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण" की भावना के अनुरूप कार्य करते हुए प्रत्येक नागरिक को त्वरित राहत, पारदर्शी प्रशासन और प्रभावी न्याय उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
