Search News

Viksit Bharat Young Leaders Dialogue (VBYLD) 2027

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 में 15-29 वर्ष के युवा भाग ले सकेंगे। जानें छह ट्रैक, चयन प्रक्रिया, तारीखें और यूपी-बिहार 'गंगा ग्रोथ बेल्ट' से जुड़ी खास बातें।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: September 10, 2026

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027: युवाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच, यूपी-बिहार 'गंगा ग्रोथ बेल्ट' में शामिल

लखनऊ। युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने और विकसित भारत @2047 के संकल्प में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर होने वाला इसका ग्रैंड नेशनल कार्यक्रम 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित होगा।

कार्यक्रम में 15 से 29 वर्ष की आयु के युवा भाग ले सकेंगे। पंजीकरण सहित विभिन्न गतिविधियां MY Bharat पोर्टल के माध्यम से संचालित होंगी। पोर्टल पर पहले से पंजीकृत युवाओं को दोबारा पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं होगी।

छह ट्रैक में युवाओं को मिलेंगे अवसर

VBYLD 2027 में छह प्रमुख ट्रैक रखे गए हैं:

  1. विकसित भारत चैलेंज – युवा विकसित भारत @2047 के लिए अपने अभिनव विचार और समाधान प्रस्तुत करेंगे।
  2. सांस्कृतिक ट्रैक – लोक नृत्य, लोक गीत, चित्रकला, भाषण और कविता लेखन जैसी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच मिलेगा।
  3. Design for Bharat
  4. Hack for Social Cause
  5. Youth Entrepreneurs Challenge – इस वर्ष पहली बार शामिल, जिसमें युवा स्टार्टअप पिच और बिजनेस प्लान के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
  6. Youth Parliament – इसे भी इस वर्ष एक नए ट्रैक के रूप में जोड़ा गया है।

यूपी-बिहार 'गंगा ग्रोथ बेल्ट' में शामिल

VBYLD 2027 के विकसित भारत चैलेंज को पहली बार क्षेत्रीय विकास प्राथमिकताओं से जोड़ा गया है। देश को 10 क्षेत्रीय समूहों में बांटा गया है, जिसमें उत्तर प्रदेश और बिहार को 'Ganga Growth Belt' के अंतर्गत रखा गया है। इस क्षेत्र के लिए 'Demographic Dividend & Human Capital Development' विषय निर्धारित किया गया है।

युवाओं के सामने यह विचार रखने की चुनौती होगी कि "अमृत पीढ़ी वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की प्रेरक शक्ति कैसे बन सकती है।" इसके माध्यम से युवा कौशल, रोजगार, मानव पूंजी, नवाचार और नेतृत्व से जुड़े व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत कर सकेंगे।

पांच चरणों में होगा चयन

विकसित भारत चैलेंज ट्रैक के लिए चयन प्रक्रिया पांच चरणों में पूरी होगी:

चरणगतिविधितारीख
1Viksit Bharat Quiz (MY Bharat पोर्टल पर)17 अगस्त – 30 सितंबर 2026
2500 शब्दों का निबंध5 – 19 अक्टूबर 2026
3District Championship10 – 16 नवंबर 2026
4State VBYLD17 नवंबर – 7 दिसंबर 2026
5National VBYLD10 – 12 जनवरी 2027, नई दिल्ली

प्रत्येक जिले से शीर्ष दो प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तर के लिए किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को विशेषज्ञों, सचिवों और केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा। प्रत्येक क्षेत्र से चयनित अंतिम टीम को प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर भी मिलेगा।

जिला स्तर से शुरू होगी जनभागीदारी

कार्यक्रम में जिला प्रशासन, MY Bharat, NSS, नेहरू युवा केंद्र, विद्यालयों, विश्वविद्यालयों तथा कौशल, संस्कृति और युवा कल्याण से जुड़े विभागों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। युवाओं को विशेषज्ञ मार्गदर्शन, कार्यशालाओं, प्रदर्शनियों और मेंटरशिप के माध्यम से राष्ट्रीय नेताओं, नीति निर्माताओं और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने पात्र युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और अपने विचार, प्रतिभा, नवाचार एवं नेतृत्व क्षमता के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की है।

 

Breaking News:

Recent News: