पीलीभीत। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन के अवसर पर पीलीभीत में समाजवादी छात्र सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नोमान अली वारसी के नेतृत्व में सेवा एवं जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान 53 छात्र-छात्राओं के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया गया तथा विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री और जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार "राजू" रहे, जबकि अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष उमाशंकर यादव ने की। कार्यक्रम में शिक्षा, सामाजिक सेवा और समाजवादी विचारधारा को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
नोमान अली वारसी बोले— सेवा और शिक्षा ही समाजवादी विचारधारा की पहचान
नोमान अली वारसी ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव की प्रेरणा से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना समाजवादी आंदोलन का मूल उद्देश्य रहा है और अखिलेश यादव इसी विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जन्मदिन को केवल उत्सव नहीं, बल्कि शिक्षा, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के संकल्प के रूप में मनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जन्मोत्सव सप्ताह के दौरान 53 पौधों का वृक्षारोपण, जरूरतमंदों की सहायता, विद्यार्थियों के बीच शैक्षिक सामग्री वितरण और सामाजिक जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।
'युवा शक्ति की उम्मीद हैं अखिलेश यादव'
मुख्य अतिथि राजकुमार "राजू" ने कहा कि अखिलेश यादव युवाओं की उम्मीद हैं और मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने शिक्षा, तकनीक और रोजगार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने समाजवादी छात्र सभा के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है।
सामाजिक न्याय और सेवा का दिया संदेश
पूर्व जिलाध्यक्ष उमाशंकर यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का इतिहास संघर्ष, सेवा और सामाजिक न्याय का इतिहास रहा है। उन्होंने समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं द्वारा शिक्षा और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में विवेक यादव, इमरान वली खां, नाबिर अली मंसूरी, आरिश खान अजहरी, अमन, मोहित वर्मा, शिवम, हसन हुसैन, महेश सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने अखिलेश यादव के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सफल नेतृत्व की कामना करते हुए शिक्षा, सेवा, सामाजिक न्याय, पर्यावरण संरक्षण और भाईचारे के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
