अपर नगर आयुक्त ने किया 311 ऐप वॉर रूम का निरीक्षण, शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
लखनऊ। अपर नगर आयुक्त अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने बुधवार को स्मार्ट सिटी स्थित वॉर रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम की 311 ऐप सहित विभिन्न माध्यमों से आमजन द्वारा दर्ज कराई जाने वाली शिकायतों के प्राप्त होने से लेकर उनके निस्तारण तक की पूरी प्रक्रिया को बारीकी से समझा।
शिकायत निस्तारण की समय-सीमा पर ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त ने वॉर रूम में प्राप्त शिकायतों की स्थिति, संबंधित विभागों तक शिकायत पहुंचाने की व्यवस्था तथा शिकायतों के निस्तारण की समय-सीमा के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से शिकायतों पर की जाने वाली कार्रवाई की प्रक्रिया भी समझी।
निस्तारण की गुणवत्ता की सघन जांच
अपर नगर आयुक्त ने विशेष रूप से निस्तारित की गई शिकायतों की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने यह देखा कि शिकायतों का निस्तारण केवल रिकॉर्ड में ही नहीं, बल्कि वास्तविक रूप से भी संतोषजनक तरीके से किया गया है या नहीं। उन्होंने निर्देश दिए कि आमजन से प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और उसका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण की नियमित निगरानी करते हुए यह भी सुनिश्चित किया जाए कि नागरिकों को एक ही समस्या के लिए बार-बार शिकायत न करनी पड़े।
कर्मचारियों की उपस्थिति की भी हुई जांच
निरीक्षण के दौरान श्री श्रीवास्तव ने 311 ऐप के माध्यम से नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति की भी जांच की। इसमें नगर निगम के विभिन्न विभागों में तैनात क्लर्क से लेकर एसएफआई, इंजीनियर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
उन्होंने 311 ऐप पर दर्ज उपस्थिति की स्थिति को देखा और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहें। साथ ही ऐप के माध्यम से उपस्थिति की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए।
