लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज, लखनऊ के शारीरिक शिक्षा विभाग की सहायक आचार्या डॉ. सरिता सिंह को लखनऊ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान के लिए प्रतिष्ठित 'टीचर्स एक्सीलेंस अवार्ड' से सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। डॉ. सरिता सिंह को शिक्षण, शोध, छात्र विकास और संस्थान के समग्र विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को इस सम्मान के माध्यम से विशेष रूप से सराहा गया। डॉ. सरिता सिंह एक शिक्षाविद्, शोधकर्ता, लेखिका और एनसीसी की एसोसिएट एनसीसी अधिकारी के रूप में अपनी अलग पहचान रखती हैं। उन्होंने शोध कार्यों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों, कार्यशालाओं, फिटनेस अभियानों तथा सामुदायिक सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनकी उपलब्धियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिल चुकी है। इस उपलब्धि पर अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज के प्रबंधन, प्राचार्या, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्राओं ने डॉ. सरिता सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संस्थान ने विश्वास जताया कि उनकी यह उपलब्धि शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा महाविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगी।
