लखनऊ: आय से अधिक संपत्ति मामले में तत्कालीन ARTO ललित कुमार पर विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, 35 करोड़ की संपत्ति का खुलासा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस), लखनऊ सेक्टर ने ललित कुमार आय से अधिक संपत्ति मामला में बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर सर्च अभियान चलाया। यह कार्रवाई 7 और 8 जुलाई 2026 को न्यायालय से प्राप्त सर्च वारंट के आधार पर की गई।
प्रेस नोट के अनुसार, ललित कुमार के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में पहले से मुकदमा दर्ज था। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर विजिलेंस टीम ने उनके अलीगंज स्थित आवास सहित संबंधित परिसरों की तलाशी ली।
छापेमारी में क्या मिला?
सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार तलाशी के दौरान—
- करीब 1.62 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए।
- बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण मिले।
- लगभग 13 किलोग्राम चांदी बरामद की गई।
- बरामद आभूषणों का अनुमानित मूल्य लगभग 20 करोड़ रुपये बताया गया।
- विभिन्न बैंकों के खाते, पोस्ट ऑफिस निवेश, म्यूचुअल फंड, फिक्स्ड डिपॉजिट और अन्य वित्तीय निवेश से जुड़े दस्तावेज भी मिले।
15 से अधिक अचल संपत्तियों का विवरण मिला
जांच के दौरान लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली और नोएडा सहित विभिन्न स्थानों पर स्थित 15 से अधिक अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज बरामद हुए।
इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं—
- अलीगंज, लखनऊ में कई आवासीय भवन
- महानगर और इंदिरानगर में आवासीय संपत्तियां
- नोएडा में फ्लैट बुकिंग
- बाराबंकी और रायबरेली में कृषि भूमि
प्रेस नोट के अनुसार इन अचल संपत्तियों का अनुमानित मूल्य लगभग 13 करोड़ रुपये आंका गया है।
कुल संपत्ति का मूल्य लगभग 35 करोड़ रुपये
विजिलेंस के अनुसार तलाशी के दौरान बरामद नकदी, सोना-चांदी, आभूषण, अचल संपत्तियां, वाहन, घरेलू सामान तथा अन्य निवेश का संयुक्त अनुमानित मूल्य लगभग 35 करोड़ रुपये है।
सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि बरामद सभी संपत्तियों का सत्यापन किया जा रहा है तथा विवेचना के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
